3 वर्षीय बालक की मौत के मामले में आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया जेल।
बलरामपुर…..
3 वर्षीय बालक की उपचार के दौरान हुई मौत के मामले में बलरामपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी बालेश्वर सिंह (51), निवासी सरनाडीह को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 19 अगस्त 2026 को रमेश चेरवा अपने 3 वर्षीय पुत्र अभी चेरवा को बुखार आने पर आरोपी बालेश्वर सिंह के घर ले गया था। आरोप है कि आरोपी ने बालक को Taxim 250 mg (Cefotaxime Sodium) इंजेक्शन लगाया। इंजेक्शन लगाने के बाद बालक की तबीयत बिगड़ गई। परिजन उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल बलरामपुर ले जा रहे थे, इसी दौरान रास्ते में उसकी मौत हो गई।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर गवाहों के बयान दर्ज किए तथा आरोपी का कथन लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी द्वारा घटना के संबंध में जानकारी दिए जाने के बाद इंजेक्शन एवं संबंधित सामग्री को विधिवत जब्त किया गया।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी के पास चिकित्सा संबंधी कार्य करने की वैध चिकित्सकीय पात्रता अथवा पंजीयन नहीं था। इसके बावजूद उसने बालक को इंजेक्शन लगाया, जिसके बाद उसकी तबीयत गंभीर हो गई और अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई।
पुलिस ने मामले में आरोपी के खिलाफ धारा 105, 271, 318 बीएनएस एवं ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट, 1940 की धारा 27 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की है। आरोपी को 21 अगस्त 2026 को सुबह 11:35 बजे गिरफ्तार किया गया। स्वास्थ्य परीक्षण के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले की शेष विवेचना साक्ष्य-आधारित तरीके से जारी है।