Skip to main content

BalrampurChhattisgarhLocal

मुर्गा बनाने की बात पर पत्नी से विवाद, डंडे से पीटकर हत्या का आरोप, शंकरगढ़ पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर भेजा न्यायिक रिमांड पर।

शंकरगढ़/बलरामपुर…

बलरामपुर जिले के थाना शंकरगढ़ क्षेत्र के ग्राम जोकापाठ (लालदारा) में मामूली बात को लेकर हुए विवाद में एक महिला की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में मृतिका के पति को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, सूचक सोमारू साय ने थाना शंकरगढ़ में सूचना दी कि उसकी बेटी दुखनी बाई अपने पति रमेश कोरवा के साथ लालदारा मोहल्ले में रहती थी। गांव के लोगों से जानकारी मिलने पर वह मौके पर पहुंचा, जहां दुखनी बाई घर के अंदर मृत अवस्था में मिली। उसके सिर और पेट पर चोट के निशान पाए गए।

जांच के दौरान मृतिका की सास ने पुलिस को बताया कि घटना से एक दिन पहले रमेश और दुखनी ने हड़िया शराब का सेवन किया था। शाम करीब 4 से 5 बजे के बीच रमेश ने दुखनी से मुर्गा बनाने के लिए कहा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि विवाद के दौरान रमेश ने लकड़ी के डंडे से दुखनी के सिर और पेट पर वार किया और मौके से फरार हो गया।

सूचना मिलने पर शंकरगढ़ पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर एफएसएल अधिकारी की मौजूदगी में घटनास्थल का पंचनामा किया गया। पुलिस ने आरोपी रमेश कोरवा, उम्र 28 वर्ष, निवासी जोकापाठ (लालदारा), को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त सरई लकड़ी का डंडा भी बरामद किया गया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 103(1) बीएनएस के तहत कार्रवाई करते हुए 30 अगस्त 2026 को गिरफ्तार किया और न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक रविन्द्र प्रताप सिंह, उप निरीक्षक बसंत एक्का, आरक्षक बबलु बेक सहित पुलिस टीम शामिल रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *