शिक्षक दिवस पर जिला स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित, 21 उत्कृष्ट शिक्षकों को ज्ञानदीप एवं शिक्षादूत पुरस्कार से किया गया सम्मानित।
बलरामपुर…
शिक्षक दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय स्थित ऑडिटोरियम भवन में जिला स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह का गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आदिम जाति विकास, अनुसूचित जाति विकास, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक विकास तथा कृषि विकास एवं कल्याण मंत्री रामविचार नेताम रहे। समारोह का शुभारंभ अतिथियों ने पूर्व राष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया।

मुख्य अतिथि मंत्री रामविचार नेताम ने शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राष्ट्र के भविष्य निर्माण में गुरुजनों का योगदान अमूल्य है। शिक्षक केवल पाठ्यक्रम पूरा कराने वाला व्यक्ति नहीं, बल्कि एक पीढ़ी के चरित्र और सोच का निर्माता होता है। उन्होंने कहा कि डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन ने देश के सर्वोच्च पद पर रहते हुए भी स्वयं को सदैव शिक्षक माना, जो आज के शिक्षकों के लिए प्रेरणादायी है।

मंत्री नेताम ने कहा कि माता-पिता संतान को जन्म देते हैं, लेकिन उसे संस्कार देने, सही दिशा दिखाने और भविष्य गढ़ने में शिक्षक की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशानुरूप राज्य शासन विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है। इसी दिशा में जिले में प्रयास विद्यालय एवं नर्सिंग महाविद्यालय की स्थापना की जा रही है, जिससे युवाओं को स्थानीय स्तर पर ही बेहतर शिक्षा और भविष्य के अवसर मिल सकेंगे।
कलेक्टर चन्दन संजय त्रिपाठी ने कहा कि विद्यार्थी के जीवन का पहला पथ प्रदर्शक शिक्षक होता है। शिक्षक राष्ट्र निर्माण की धुरी हैं। उन्होंने शिक्षकों से आह्वान किया कि वे विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण में ऐसी भूमिका निभाएं, जिससे वे आगे चलकर समाज के लिए मिसाल बन सकें।
*21 उत्कृष्ट शिक्षक हुए सम्मानित*
समारोह में जिले के विभिन्न विकासखण्डों के 21 उत्कृष्ट शिक्षकों को ज्ञानदीप एवं शिक्षादूत पुरस्कार से सम्मानित किया गया। ज्ञानदीप पुरस्कार के तहत शासकीय माध्यमिक शाला कोरवापारा, राजपुर के शिक्षक श्याम सुन्दर चौरगे को प्रथम, शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला डौरा की शिक्षिका नीलीमा एक्का को द्वितीय तथा शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला चिरई, शंकरगढ़ के प्रधान पाठक जवाहर लाल पैकरा को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया।
वहीं, जिले के विभिन्न विकासखण्डों के 18 शिक्षकों को शिक्षादूत पुरस्कार से सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करने वाले शिक्षकों को अतिथियों ने शुभकामनाएं देते हुए उनके उत्कृष्ट कार्यों की सराहना की।
कार्यक्रम में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष पुष्पा नेताम, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष बबली देवी, नगर पालिका उपाध्यक्ष दिलीप सोनी, पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर, जिला पंचायत सीईओ डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षकगण, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।