जन्माष्टमी पर निकली भव्य शोभायात्रा, दही हांडी फोड़ में लड़कियों की टीम ने मारी बाजी, ‘गोविंदा आला रे’ के जयघोष से गूंजा राजीव गांधी चौक, युवाओं ने दिखाया जोश।
वाड्रफनगर/बलरामपुर
भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव का पर्व श्रीकृष्ण जन्माष्टमी नगर में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। पर्व को लेकर पूरा वाड्रफनगर कृष्ण भक्ति में सराबोर नजर आया। मंदिरों को आकर्षक ढंग से सजाया गया, वहीं भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन एवं पूजन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी।

जन्माष्टमी के अवसर पर वाड्रफनगर सेवा समिति के नेतृत्व में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में आकर्षक वेशभूषा में शामिल श्रद्धालुओं और कलाकारों ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। नगर के विभिन्न स्थानों पर भगवान श्रीकृष्ण की प्रतिमाएं स्थापित की गई थीं, जहां श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की।
*‘गोविंदा आला रे’ के जयघोष से गूंजा राजीव गांधी चौक*
जन्माष्टमी के अवसर पर बस स्टैंड स्थित राजीव गांधी चौक में दही हांडी फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में युवाओं और बाल-गोपालों की टोलियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। ‘गोविंदा आला रे’ के जयघोष से पूरा चौक गूंज उठा।

दही हांडी फोड़ने के लिए युवाओं ने एक-दूसरे के कंधों पर चढ़कर मानव पिरामिड बनाया। हांडी तक पहुंचने के लिए टीमों के बीच जमकर उत्साह और प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। जैसे-जैसे प्रतिभागी हांडी के करीब पहुंचते, वहां मौजूद नगरवासी तालियों और जयघोष के साथ उनका उत्साह बढ़ाते रहे।
*3100 रुपये का था पुरस्कार, लड़कियों की टीम ने जीता मुकाबला*
दही हांडी प्रतियोगिता में विजेता टीम के लिए 3100 रुपये की पुरस्कार राशि रखी गई थी। प्रतियोगिता देखने के लिए बड़ी संख्या में नगरवासी राजीव गांधी चौक पहुंचे। युवाओं के जोश, मानव पिरामिड और दही हांडी फोड़ने के रोमांच ने आयोजन को आकर्षण का केंद्र बना दिया। खास बात यह रही कि दही हांडी प्रतियोगिता में लड़कियों की टीम ने बाजी मारते हुए जीत हासिल की, जिसके बाद वहां मौजूद लोगों ने तालियों के साथ टीम का उत्साहवर्धन किया।
पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं और नगरवासियों में खासा उत्साह देखने को मिला। भव्य शोभायात्रा, धार्मिक कार्यक्रम और दही हांडी प्रतियोगिता ने वाड्रफनगर में धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एवं सांस्कृतिक एकजुटता का संदेश दिया। दिनभर पूरा नगर भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति और उत्सव के रंग में रंगा नजर आया।