झीरम मामले में NIA कोर्ट के फैसले को कांग्रेस ने बताया ‘आधा-अधूरा न्याय’, जिला कांग्रेस ने वाड्रफनगर में प्रेसवार्ता कर उठाए जांच से जुड़े कई सवाल।
वाड्रफनगर/बलरामपुर…..
झीरम घाटी हत्याकांड मामले में एनआईए कोर्ट के फैसले को लेकर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर जिला कांग्रेस कमेटी बलरामपुर-रामानुजगंज ने वाड्रफनगर में प्रेसवार्ता आयोजित की। इस दौरान जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हरिहर प्रसाद यादव ने झीरम घाटी हत्याकांड की जांच और एनआईए कोर्ट के फैसले को लेकर कांग्रेस का पक्ष रखा। कांग्रेस ने एनआईए कोर्ट के फैसले को ‘आधा-अधूरा न्याय’ बताते हुए कहा कि 23 मई 2013 को हुए झीरम घाटी हमले में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं सहित 32 लोगों की जान गई थी। पार्टी का आरोप है कि मामले की जांच के दौरान कई महत्वपूर्ण पहलुओं को पर्याप्त रूप से जांच के दायरे में नहीं लाया गया।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष हरिहर प्रसाद यादव ने कहा कि कांग्रेस अदालत के फैसले का सम्मान करती है, लेकिन एनआईए की जांच को लेकर कई सवाल अब भी अनुत्तरित हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जांच में घटना के राजनीतिक पहलुओं की पर्याप्त पड़ताल नहीं की गई तथा बड़े नक्सली नेताओं की भूमिका को लेकर भी विस्तृत जांच नहीं हुई।
*सुरक्षा और यात्रा का मार्ग बदलने पर सवाल*
प्रेसवार्ता में कांग्रेस ने सवाल उठाया कि घटना के समय परिवर्तन यात्रा की सुरक्षा क्यों हटाई गई थी और यात्रा का मार्ग किसके निर्देश पर बदला गया था। पार्टी ने यह भी सवाल किया कि झीरम हमले में शामिल बताए गए कई नक्सलियों के आत्मसमर्पण के बाद उनसे घटना के संबंध में पूछताछ क्यों नहीं की गई।
कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि झीरम कांड से जुड़े कई प्रमुख नक्सलियों ने अलग-अलग समय पर आत्मसमर्पण किया, लेकिन उनसे घटना के संबंध में पर्याप्त पूछताछ नहीं की गई। पार्टी ने हमले में घायल बचे लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों को जांच में पूरी तरह शामिल किए जाने को लेकर भी सवाल उठाए।
*चार्जशीट से नाम हटाए जाने पर भी सवाल*
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि शुरुआती जांच में जिन बड़े नक्सली नेताओं के नाम सामने आए थे, उनमें से कुछ नाम बाद में चार्जशीट में नहीं रहे। पार्टी ने सवाल किया कि इन नामों को हटाने के पीछे क्या कारण थे और इसके लिए जवाबदेही क्यों तय नहीं की गई।
प्रेसवार्ता के माध्यम से कांग्रेस ने झीरम घाटी हत्याकांड की जांच से जुड़े इन सभी पहलुओं पर विस्तृत जवाब और पारदर्शी जांच की मांग दोहराई।
इस अवसर पर रघुनाथनगर कांग्रेस अध्यक्ष देवनारायण मरावी, जिला कांग्रेस कमेटी के सचिव शिवशंकर यादव, जिला कांग्रेस महामंत्री अमित यादव, पशुपतिपुर अध्यक्ष चंद्रशेखर यादव, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष नंदलाल श्यामले, प्रदेश सचिव रामदेव जगते, ब्लॉक अध्यक्ष वाड्रफनगर प्रतिनिधि अश्विनी यादव, पार्षद प्रतिनिधि हिमांशु जायसवाल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।