Skip to main content

BalrampurChhattisgarhLocal

स्वास्थ्य विभाग की तत्परता से पहाड़ी कोरवा महिला ने दिया तीन स्वस्थ नवजात शिशुओं को जन्म।

मैदानी अमले, मितानिन और 102 एंबुलेंस टीम के समन्वित प्रयास से सुरक्षित प्रसव, मां और तीनों बच्चे स्वस्थ।

बलरामपुर…

जिले के दूरस्थ एवं आदिवासी बहुल क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की त्वरित उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए स्वास्थ्य विभाग की तत्परता का सकारात्मक परिणाम सामने आया है। राजपुर विकासखंड की अति-जोखिम वाली गर्भवती पहाड़ी कोरवा महिला श्रीमती बसंती ने तीन स्वस्थ नवजात शिशुओं को जन्म दिया। वर्तमान में मां और तीनों बच्चे स्वस्थ हैं तथा चिकित्सकों की निगरानी में हैं।

जानकारी के अनुसार, श्रीमती बसंती किसी कारणवश जिला अस्पताल अंबिकापुर से बिना उपचार कराए अपने गांव वापस लौट आई थीं। इसकी जानकारी मिलते ही स्वास्थ्य विभाग का मैदानी अमला सक्रिय हुआ और महिला को समय पर चिकित्सकीय सुविधा उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक तैयारियां की गईं।

स्वास्थ्य विभाग के मैदानी कार्यकर्ताओं, मितानिन, 102 एंबुलेंस टीम तथा अस्पताल के चिकित्सकों के बीच बेहतर समन्वय से महिला को आवश्यक स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराई गई। इसके बाद सुरक्षित प्रसव कराया गया, जिसमें महिला ने तीन स्वस्थ बच्चों को जन्म दिया।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विजय कुमार सिंह ने बताया कि अति-जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की समय पर पहचान, नियमित निगरानी और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल रेफरल बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि दूरस्थ एवं आदिवासी अंचलों में प्रत्येक गर्भवती महिला को सुरक्षित मातृत्व की सुविधा उपलब्ध कराना स्वास्थ्य विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

उन्होंने इस पूरे मामले में स्वास्थ्य अमले, मितानिन, 102 एंबुलेंस टीम और चिकित्सकों के त्वरित एवं समन्वित प्रयासों की सराहना की। स्वास्थ्य विभाग की तत्परता से महिला और उसके तीनों नवजात शिशुओं को समय पर चिकित्सा सुविधा मिल सकी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *