Skip to main content

BalrampurChhattisgarhLocal

मवेशी तस्करी मामले में फरार 12वां आरोपी गिरफ्तार, बलंगी पुलिस ने सिंगरौली में दी दबिश।

पूर्व में 11 आरोपी हो चुके हैं गिरफ्तार, तस्करी में प्रयुक्त पिकअप वाहन का भी किया खुलासा।

बलरामपुर…..

मवेशियों को क्रूरतापूर्वक वाहनों में भरकर बूचड़खाने ले जाने के मामले में फरार चल रहे 12वें आरोपी को बलंगी पुलिस ने मध्यप्रदेश के सिंगरौली जिले से गिरफ्तार किया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम ने उसके ठिकाने पर दबिश दी। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मो. मुमताज उर्फ बब्बू (36), पिता सिराजुद्दीन, निवासी उमरहर थाना जियावन, हाल मुकाम हर्रा बिरती, जिला सिंगरौली (मप्र) के रूप में हुई है।

पुलिस ने इस मामले में धारा 111(1), 111(2) बीएनएस, छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2005 की धारा 4, 6, 10 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11(1)(घ) के तहत कार्रवाई की गई है।

पुलिस के मुताबिक 19 मार्च 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सात पिकअप वाहनों में मवेशियों को क्रूरतापूर्वक भरकर बूचड़खाने ले जाया जा रहा है। इन वाहनों के आगे एक सफेद रंग की ग्रैंड विटारा कार क्रमांक CG 30 G 5161 से रेकी किए जाने की सूचना भी मिली थी। सूचना पर बलंगी चौकी के सामने पुलिस ने वाहन चेकिंग शुरू की। इस दौरान पुलिस ने संदिग्ध ग्रैंड विटारा कार के पीछे आ रहे सात पिकअप वाहनों को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर कुछ वाहन कच्चे रास्ते की ओर भागने लगे। घेराबंदी के दौरान MP 66 ZF 2498 और MP 53 ZD 3982 क्रमांक के दो पिकअप वाहनों को पकड़ लिया गया, जबकि उनके चालक मौके पर वाहन छोड़कर फरार हो गए। दोनों वाहनों में 07-07 नग भैंस/भैंसी को क्रूरतापूर्वक बांधकर भरा गया था।

जांच के दौरान पुलिस ने दोनों पिकअप वाहनों को जब्त कर आरोपियों से पूछताछ की। पूछताछ में अन्य साथियों के साथ मिलकर घटना को अंजाम देना सामने आया। प्रकरण में अब तक 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा जा चुका है।

फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए बलंगी चौकी प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर मध्यप्रदेश के सिंगरौली भेजी गई थी। टीम ने 22 सितंबर 2026 को ग्राम हर्रा बिरती में दबिश देकर फरार आरोपी मो. मुमताज उर्फ बब्बू को अभिरक्षा में लिया। पूछताछ में आरोपी ने घटना में अपने पिकअप वाहन क्रमांक MP 66 G 2557 के प्रयुक्त होने की जानकारी पुलिस को दी। अपराध में संलिप्तता पाए जाने पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय के समक्ष पेश किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *