टांगी से युवक पर जानलेवा हमला, आरोपी गिरफ्तार, करमा पूजा के बाद विवाद के दौरान वारदात।
सामरीपाठ पुलिस ने आरोपी को भेजा न्यायिक रिमांड पर।
सामरीपाठ/बलरामपुर।
सामरीपाठ थाना क्षेत्र के ग्राम सेरेंगदाग में करमा पूजा के बाद हुए विवाद के दौरान एक युवक पर टांगी से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में आरोपी उदय नगेसिया, निवासी सेरेंगदाग, थाना सामरी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, 22 सितंबर की रात ग्राम सेरेंगदाग के अखरा में करमा पूजा का आयोजन किया गया था, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे। अगले दिन सुबह करीब 9 बजे गांव के उदय नगेसिया का शीतल नगेसिया से विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने शीतल नगेसिया को उसके घर पहुंचा दिया, जिसके बाद उदय नगेसिया भी अपने घर चला गया। कुछ देर बाद आरोपी उदय नगेसिया अपने घर से टांगी लेकर वापस आया और शीतल नगेसिया के पुत्र गेड़वा उर्फ भोटना नगेसिया पर हमला कर दिया। आरोपी ने हत्या की नीयत से उसकी गर्दन के नीचे पीठ पर टांगी से वार किया, जिससे उसे गहरी चोट आई। इसके बाद आरोपी ने दोबारा टांगी से वार किया। मौके पर मौजूद लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया।
घटना की सूचना पर प्रार्थी सुनील कुमार की रिपोर्ट पर थाना सामरीपाठ में धारा 109 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी उदय नगेसिया को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
कार्रवाई में थाना प्रभारी विजय कुमार दुबे, सहायक उप निरीक्षक आनंद मसीह तिर्की, आरक्षक अजय कुमार, संजय पटेल एवं ओमकार रजक शामिल रहे।