एसीबी की दबिश: 22 हजार रुपये की रिश्वत लेते नागरिक आपूर्ति अधिकारी गिरफ्तार।
बलरामपुर।
संयुक्त कार्यालय परिसर स्थित नागरिक आपूर्ति विभाग में मंगलवार को एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने अचानक दबिश देकर कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान नागरिक आपूर्ति अधिकारी विद्यासागर गोपाल को कथित तौर पर 22 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किए जाने की जानकारी सामने आई है।
एसीबी की अचानक हुई कार्रवाई से संयुक्त कार्यालय परिसर में हड़कंप मच गया। कार्रवाई की जानकारी मिलते ही विभागीय कर्मचारियों में भी अफरा-तफरी की स्थिति देखी गई। बताया जा रहा है कि एसीबी की टीम ने रिश्वत की रकम के साथ अधिकारी को पकड़ा है।
कार्रवाई के बाद एसीबी की टीम नागरिक आपूर्ति अधिकारी विद्यासागर गोपाल से बंद कमरे में पूछताछ कर रही है। रिश्वत की रकम किस कार्य के एवज में ली जा रही थी, इसके साथ ही मामले में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका है या नहीं, इस संबंध में भी एसीबी की टीम जांच कर रही है।
फिलहाल एसीबी की कार्रवाई जारी है। जांच पूरी होने के बाद ही मामले से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा होने की संभावना है।