Skip to main content

BalrampurChhattisgarhLocalRajpur

जंगली हाथी के हमले में ग्रामीण की मौत, पत्नी को 25 हजार की तात्कालिक सहायता।

महान नदी पार कर जंगल की ओर जा रहे कबरा हाथी ने किया हमला, शेष 5.75 लाख रुपये प्रक्रिया पूरी होने के बाद मिलेंगे।

बलरामपुर/राजपुर। 

बलरामपुर जिले के वन परिक्षेत्र राजपुर अंतर्गत ग्राम परसवारकला के बड़खापारा में जंगली हाथी के हमले से एक ग्रामीण की मौत हो गई। घटना 29 जून 2026 की शाम करीब 7:05 बजे की बताई जा रही है। मृतक की पहचान सुटरूंग कौशिक (53 वर्ष) निवासी परसवारकला के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, सुटरूंग कौशिक अपनी पुत्री के घर जा रहे थे। इसी दौरान महान नदी पार कर जंगल की ओर जा रहे एक कबरा जंगली हाथी से उनका सामना हो गया। हाथी ने ग्रामीण पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद हाथी ग्राम रेवतपुर की ओर से होते हुए जंगल में चला गया।

*मौके पर पहुंचा वन विभाग*

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। रात होने के कारण अगले दिन पुलिस ने घटनास्थल पर पंचनामा एवं मर्ग संबंधी कार्रवाई पूरी की। चिकित्सकों ने घटनास्थल पर ही शव का परीक्षण किया। आवश्यक कार्रवाई के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया।

*ग्रामीणों को सतर्क रहने की अपील*

वन विभाग द्वारा हाथी प्रभावित क्षेत्रों में ग्रामीणों को हाथियों की गतिविधियों की जानकारी गज संकेत ऐप और स्थानीय व्हाट्सएप समूहों के माध्यम से दी जा रही है। वन कर्मचारी एवं हाथी मित्र दल के सदस्य भी लगातार क्षेत्र में निगरानी कर ग्रामीणों को जागरूक कर रहे हैं।

विभाग ने ग्रामीणों से रात के समय पगडंडी मार्गों पर आवागमन से बचने, हाथियों की मौजूदगी वाले क्षेत्रों में भीड़ नहीं लगाने तथा जंगल की ओर जाने से परहेज करने की अपील की है। हाथियों की गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल वन विभाग को सूचना देने की भी अपील की गई है।

*परिवार को मिलेगी छह लाख रुपये की सहायता*

हाथी के हमले में ग्रामीण की मौत के बाद वन विभाग ने मृतक की पत्नी श्रीमती कुलेश्वरी कौशिक को तत्काल सहायता के रूप में 25 हजार रुपये प्रदान किए हैं। वहीं, शेष 5 लाख 75 हजार रुपये की सहायता राशि आवश्यक औपचारिकताएं एवं नियमानुसार प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रदान की जाएगी। विभाग की इस सहायता से प्रभावित परिवार को आर्थिक संबल मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *