Skip to main content

BalrampurChhattisgarhLocalWadrafnagar

जल संरक्षण और जनसेवा के संकल्प से गूंजा वाड्रफनगर, गुजरात से वाराणसी जा रही मोटरसाइकिल यात्रा का वाड्रफनगर में जोरदार स्वागत।

विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते ने युवाओं से किया जल संरक्षण और जनसेवा का आह्वान, युवा संवाद में लिया सामूहिक संकल्प।

वाड्रफनगर/बलरामपुर। 

सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘जल जन सेवा संकल्प यात्रा’ लेकर गुजरात से वाराणसी जा रही मोटरसाइकिल यात्रा के वाड्रफनगर पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों ने जगह-जगह उत्साहपूर्वक स्वागत किया। यात्रियों का पुष्पमाला पहनाकर अभिनंदन किया गया। भारत माता के जयकारों और देशभक्ति के नारों से पूरा क्षेत्र उत्साह और उमंग से सराबोर रहा।

यात्रा के वाड्रफनगर पहुंचने के बाद स्टेडियम ग्राउंड में लाभार्थी योजना एवं युवा संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रतापपुर विधानसभा क्षेत्र की विधायक श्रीमती शकुंतला सिंह पोर्ते शामिल हुईं। उन्होंने युवाओं से जल संरक्षण, जनसेवा और राष्ट्र निर्माण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर संवाद करते हुए कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं। सामाजिक सरोकारों के प्रति युवाओं की जागरूकता और सक्रिय सहभागिता समाज को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते ने युवाओं से जल की एक-एक बूंद को सहेजने और इसके संरक्षण के लिए समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जनसेवा के कार्यों में युवाओं को बढ़-चढ़कर भागीदारी निभानी चाहिए। जल संरक्षण किसी एक व्यक्ति या संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज का सामूहिक दायित्व है।

कार्यक्रम के दौरान युवाओं ने भी जल संरक्षण, जनसेवा और सामाजिक जिम्मेदारियों से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने विचार साझा किए। युवा संवाद में युवाओं की सक्रिय भागीदारी और उत्साह देखने को मिला। वक्ताओं ने कहा कि जल संरक्षण, जनसेवा और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने में युवा शक्ति की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है।

इस अवसर पर भाजपा युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष राहुल योगराज टिकरिहा, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष मंगलम पाण्डेय, प्रतापपुर मंडल अध्यक्ष मुकेश तायल, वाड्रफनगर मंडल अध्यक्ष धीरेन्द्र कुमार द्विवेदी, मंडल अध्यक्ष सोबरन कुशवाहा, नगर पंचायत अध्यक्ष मानसिंह, मंडल महामंत्री अनिरुद्ध यादव, राजेंद्र जायसवाल, रामाकांत गुप्ता, रामनारायण साहू, विधायक प्रतिनिधि राहुल पटवा, युवा मोर्चा जिला मंत्री रामकुमार कुशवाह, जिला उपाध्यक्ष आकाशदीप पटेल, अनुसूचित जाति मोर्चा जिला महामंत्री राजेश भारती, युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष आशुतोष, महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष अंजू कुशवाहा, महिला मोर्चा पूर्वी मंडल अध्यक्ष ज्योति, जनपद सदस्य मुकेश जायसवाल, सपना सिंह सहित भाजपा के जिला एवं मंडल पदाधिकारी, विभिन्न मोर्चा-प्रकोष्ठों के अध्यक्ष एवं महामंत्री, जनपद एवं जिला पंचायत सदस्य, शक्ति केंद्र प्रभारी, सह प्रभारी, संयोजक-सहसंयोजक, बूथ अध्यक्ष तथा बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं नगरवासी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने जल की प्रत्येक बूंद को सहेजने, जनसेवा की भावना को मजबूत करने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का सामूहिक संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि युवा शक्ति के आगे आने से जल संरक्षण और जनसेवा के प्रयासों को नई गति मिलेगी। सामूहिक प्रयासों से ही सशक्त, समृद्ध और सुरक्षित भविष्य का निर्माण संभव है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *