नदी की तेज धार में फंसा युवक, दो घंटे के रेस्क्यू के बाद सुरक्षित बाहर निकाला।
अंधेरे और तेज बहाव के बीच रेस्क्यू टीम ने दिखाई अदम्य साहस की मिसाल, पुलिस-नगर पालिका के समन्वित प्रयास से बची युवक की जान।
रामानुजगंज/ बलरामपुर…..
रविवार शाम करीब 7 बजे ग्राम पुरानडीह निवासी 30 वर्षीय मनोज मांझी रामानुजगंज आने के दौरान नदी की तेज धार के बीच फंस गया। अंधेरा होने के साथ नदी में पानी का बहाव तेज था, जिसके चलते युवक की मदद की पुकार भी दूर तक सुनाई नहीं दे रही थी। इसी दौरान एक व्यक्ति ने युवक की आवाज सुनी और तत्काल इसकी सूचना पुलिस अधीक्षक को दी।
सूचना मिलते ही रामानुजगंज थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल भी घटनास्थल पर पहुंचे और युवक को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए तत्काल रेस्क्यू की व्यवस्था शुरू कराई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने दयाल विश्वास एवं उनकी टीम से संपर्क कर मौके पर पहुंचकर युवक को बचाने में मदद करने का आग्रह किया।

कुछ ही देर में दयाल विश्वास के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम घटनास्थल पर पहुंच गई। इसके बाद एएसआई राधेश्याम विश्वकर्मा, संजू तिवारी सहित रेस्क्यू टीम के सदस्यों ने तेज बहाव और अंधेरे के बीच जोखिम उठाते हुए नदी में उतरकर युवक तक पहुंचने का प्रयास शुरू किया।
करीब दो घंटे तक चले चुनौतीपूर्ण रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद टीम ने मनोज मांझी को सुरक्षित नदी से बाहर निकाल लिया। युवक के सुरक्षित बाहर आने के बाद मौके पर मौजूद लोगों और पुलिस प्रशासन ने राहत की सांस ली।
रेस्क्यू अभियान में साहस और तत्परता दिखाने वाली टीम का उत्साह बढ़ाते हुए नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल ने दयाल विश्वास एवं उनकी टीम को ₹5,000 तथा पुलिस प्रशासन को भी ₹5,000 की राशि इनाम स्वरूप प्रदान की।
समय पर मिली सूचना और पुलिस प्रशासन, नगर पालिका तथा स्थानीय रेस्क्यू टीम के समन्वित प्रयास से युवक की जान बचाई जा सकी। तेज बहाव, अंधेरा और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद रेस्क्यू टीम के सदस्यों ने जिस साहस और तत्परता का परिचय दिया, उसकी मौके पर मौजूद लोगों ने जमकर सराहना की।