Skip to main content

ChhattisgarhLocalSurguja

हादसे का इंतजार कर रहे हैं क्या? पुल की बदहाल सड़क देखकर भड़के डिप्टी सीएम अरुण साव। देखें वीडियो

प्रतापपुर-अंबिकापुर-खड़गवां मार्ग के महानदी पुल का किया औचक निरीक्षण, अधिकारियों को लगाई फटकार; तत्काल मरम्मत के दिए निर्देश।

सरगुजा।

सरगुजा प्रवास के दौरान उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने प्रतापपुर-अंबिकापुर-खड़गवां मार्ग का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान महानदी पुल पर सड़क की बदहाल स्थिति देखकर वे नाराज हो गए। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए सड़क की तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान पुल पर सड़क की खराब हालत को लेकर अधिकारियों से नाराजगी जताते हुए डिप्टी सीएम ने सवाल किया कि “हादसे का इंतजार कर रहे हैं क्या?” उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क और पुल जैसी महत्वपूर्ण संरचनाओं की स्थिति को लेकर किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

*एसी कमरों से निकलकर मैदान में उतरें अधिकारी*

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने अधिकारियों को हिदायत दी कि वे केवल कार्यालयों में बैठकर व्यवस्थाओं की निगरानी न करें, बल्कि स्वयं मौके पर पहुंचकर सड़कों और पुलों की स्थिति का जायजा लें। उन्होंने सरगुजा के अधिकारियों को स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि एसी कमरों में बैठकर काम करने के बजाय मैदान में उतरकर वास्तविक स्थिति देखें और समस्याओं का तत्काल निराकरण सुनिश्चित करें।

*तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश*

महानदी पुल पर सड़क की खराब स्थिति को गंभीरता से लेते हुए डिप्टी सीएम ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल मरम्मत कार्य कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की सुरक्षा सर्वोपरि है और सड़क पर ऐसी स्थिति नहीं होनी चाहिए, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहे।

निरीक्षण के दौरान सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज भी मौजूद रहे। डिप्टी सीएम के इस औचक निरीक्षण से लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों में हलचल देखी गई। निरीक्षण के जरिए उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया कि सड़क और पुलों की देखरेख में लापरवाही सामने आने पर जिम्मेदार अधिकारियों को जवाब देना होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *