Skip to main content

BalrampurChhattisgarhLocal

कलेक्टर बनीं शिक्षिका, बच्चों को सिखाया अंग्रेजी के सही उच्चारण का तरीका।

दूरस्थ प्राथमिक शाला फुतूरटोली पहुंचकर विद्यार्थियों की परखी सीखने की गुणवत्ता।

बलरामपुर…

जिले के दूरस्थ क्षेत्र कुसमी विकासखंड स्थित प्राथमिक शाला फुतूरटोली में गुरुवार को कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी ने शिक्षक की भूमिका निभाते हुए बच्चों की शैक्षणिक गुणवत्ता का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यार्थियों से सीधे संवाद कर अंग्रेजी, गणित और सामान्य ज्ञान से जुड़े सवाल पूछे तथा उनकी सीखने की क्षमता का आकलन किया। साथ ही शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने और कमजोर विद्यार्थियों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर को बताया गया कि विद्यालय में कक्षा पहली से पांचवीं तक कुल 13 विद्यार्थी नामांकित हैं, जिनमें से नौ विद्यार्थी उपस्थित थे। इस पर कलेक्टर ने अनुपस्थित बच्चों के पालकों से संपर्क कर नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने विद्यार्थियों से ब्लैकबोर्ड पर गणित के प्रश्न हल करवाए। कक्षा चौथी की छात्रा गुंजन केरकेट्टा ने गुणा के सवालों का सही समाधान किया और 12 तक का पहाड़ा सुनाया। वहीं कक्षा पांचवीं के छात्र टार्जन किंडो ने भी आत्मविश्वास के साथ पहाड़ा सुनाकर अपनी तैयारी दिखाई।

इसके बाद कलेक्टर ने बच्चों से अंग्रेजी में विभिन्न जानवरों के नाम पूछे और उन्हें अंग्रेजी शब्दों के सही उच्चारण का अभ्यास कराया। उन्होंने बच्चों को बताया कि नियमित अभ्यास से भाषा पर अच्छी पकड़ बनाई जा सकती है। बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ अभ्यास किया, जिस पर कलेक्टर ने उनकी सराहना की।

कलेक्टर श्रीमती त्रिपाठी ने शिक्षकों से कहा कि प्रत्येक बच्चे की सीखने की गति अलग होती है। ऐसे में कमजोर विद्यार्थियों की पहचान कर उन्हें अतिरिक्त समय और विशेष मार्गदर्शन दिया जाए। उन्होंने कहा कि नियमित उपस्थिति, गुणवत्तापूर्ण अध्यापन और सतत अभ्यास से ही बच्चों की मजबूत शैक्षणिक नींव तैयार की जा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *