अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के गिरोह का भंडाफोड़ चार आरोपी गिरफ्तार, बलरामपुर पुलिस व ओडिशा STF की संयुक्त कार्रवाई, 16 करोड़ के गांजा तस्करी नेटवर्क पर बड़ी चोट।
बलरामपुर…
अंतरराज्यीय गांजा तस्करी गिरोह के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बलरामपुर पुलिस और ओडिशा एसटीएफ (भुवनेश्वर) की संयुक्त कार्रवाई में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने ओडिशा के कंधमाल जिले से गांजा तस्करी नेटवर्क से जुड़े चार और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में अब तक कुल नौ आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जिनमें पांच आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है।

पुलिस के अनुसार, थाना बसंतपुर क्षेत्र में गांजा तस्करी के दो बड़े मामलों का खुलासा हुआ था। पहली कार्रवाई 29 दिसंबर 2025 को की गई थी, जिसमें एक ट्रक से 1198.460 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया था। इसके बाद 11 जून 2026 को दूसरी कार्रवाई में एक अन्य ट्रक से 1941.110 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया। दोनों मामलों में कुल 3139.570 किलोग्राम (31 क्विंटल 39 किलो) गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित अंतरराष्ट्रीय बाजार कीमत लगभग 16 करोड़ रुपये आंकी गई है।
जांच के दौरान गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ, तकनीकी साक्ष्यों तथा ट्रकों में लगे जीपीएस की लोकेशन के विश्लेषण से पूरे तस्करी नेटवर्क का खुलासा हुआ। जांच में पता चला कि ओडिशा के सोनपुर क्षेत्र स्थित लोपा डाबा के समीप ट्रकों को खड़ा कर स्थानीय लोगों की मदद से पिकअप वाहनों के माध्यम से गांजा लोड कराया जाता था।
इसी आधार पर पुलिस ने ओडिशा के कंधमाल जिले से दुर्वाशा साहू (46), सुदर्शन साहू (40), अलोक कुमार राणा (34) तथा प्रकाश खुडुआ (35) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में इन चारों की भूमिका दिसंबर 2025 और जून 2026 में पकड़े गए ट्रकों में गांजा लोड कराने की सामने आई है।
पुलिस ने बताया कि इससे पहले ओडिशा एसटीएफ ने 24 जून 2026 को कंधमाल निवासी निलाम्बर कंहार को 191.300 किलोग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया था। उसकी निशानदेही पर ही इन चारों आरोपियों की संलिप्तता सामने आई। बाद में न्यायालय से प्रोडक्शन वारंट प्राप्त कर आरोपियों से पूछताछ और पहचान परेड कराई गई, जिसमें उनकी भूमिका की पुष्टि हुई। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले की जांच जारी है और अंतरराज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। उन्होंने कहा कि जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।