राम मंदिर चढ़ावा व चंदा मामले पर कांग्रेस का हमला, सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में जांच की मांग।
बलरामपुर…
छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर जिला कांग्रेस कमेटी बलरामपुर ने गुरुवार को जिला अध्यक्ष हरिहर प्रसाद यादव के नेतृत्व में एवं जिला प्रभारी डॉ. जे.पी. श्रीवास्तव की उपस्थिति में पत्रकार वार्ता आयोजित की। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट से जुड़े कथित चढ़ावा एवं चंदा घोटाले के आरोपों को लेकर केंद्र सरकार, भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) पर निशाना साधते हुए सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में स्वतंत्र न्यायिक जांच की मांग की।

पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए जिला प्रभारी डॉ. जे.पी. श्रीवास्तव ने कहा कि भगवान श्रीराम करोड़ों लोगों की आस्था के केंद्र हैं और मंदिर निर्माण के लिए देशभर के श्रद्धालुओं ने अपनी श्रद्धा से दान दिया है। ऐसे में चंदे एवं चढ़ावे में कथित वित्तीय अनियमितताओं के आरोप श्रद्धालुओं के विश्वास से जुड़ा गंभीर विषय हैं, जिसकी निष्पक्ष जांच आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि पूरे मामले में पारदर्शिता का अभाव दिखाई देता है। यदि किसी प्रकार की अनियमितता नहीं हुई है तो स्वतंत्र जांच से परहेज नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने ट्रस्ट के तत्कालीन महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी अनिल मिश्रा के इस्तीफों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन घटनाक्रमों से कई सवाल खड़े होते हैं।
कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से पूरे मामले पर सार्वजनिक रूप से जवाब देने की मांग करते हुए कहा कि ट्रस्ट के गठन, शीर्ष नियुक्तियों और प्रशासनिक निगरानी की स्थिति स्पष्ट की जाए। पार्टी ने सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में न्यायिक जांच, कथित जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध एफआईआर, श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पुनर्गठन तथा मंदिर से जुड़े चंदे, चढ़ावे और व्यय का फॉरेंसिक ऑडिट कर रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग की।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि भगवान श्रीराम किसी राजनीतिक दल की संपत्ति नहीं, बल्कि देश की करोड़ों जनता की आस्था के प्रतीक हैं। यदि किसी प्रकार की वित्तीय अनियमितता हुई है तो दोषियों के विरुद्ध कानून के अनुसार कार्रवाई कर सच्चाई देश के सामने लाई जानी चाहिए।
पत्रकार वार्ता में जिला उपाध्यक्ष जयप्रकाश जायसवाल, प्रशांत विश्वास (छोटू बंगाली), मोनीष अब्दुल्ला, विश्वजीत सिंह देव, अमित यादव, रामदेव जगते, सुनील यादव, राजा चौबे, कृपाशंकर, सत्यम यादव, शिवशंकर यादव, अवधबिहारी यादव, बुद्धदेव पोया, सुषमा यादव, देवनारायण मरावी, समीर सिंह देव, अश्वनी यादव, इश्फाक खान (बबलू), नंदलाल श्यामले, संजीव यादव, राजेंद्र कुशवाहा, शिवमंगल आयाम, दिनेश दुबे, पूनम टेकाम, अतुल यादव, आशीष यादव, अजय यादव, अनिल यादव, बलराम यादव, हीरामुनी, विजय सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।