यातायात नियम तोड़ने पर परिवहन व पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, तीन पिकअप वाहनों पर 21 हजार का जुर्माना।
सड़क सुरक्षा अभियान के तहत शंकरगढ़ में सघन वाहन जांच, दो वाहन जब्त।
बलरामपुर….
कलेक्टर के निर्देशन में जिले में सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रभावी पालन के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गुरुवार को विकासखंड शंकरगढ़ में परिवहन विभाग एवं पुलिस विभाग ने संयुक्त रूप से सघन वाहन जांच अभियान चलाया।

जांच के दौरान तीन पिकअप वाहनों में नियमों के विपरीत सवारियों का परिवहन करते पाए जाने पर मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। एक पिकअप वाहन पर 5 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया, जबकि दो अन्य पिकअप वाहनों को जब्त कर शंकरगढ़ थाना में खड़ा कराया गया। इन दोनों वाहनों पर नियमानुसार 16 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। इस प्रकार अभियान के दौरान कुल 21 हजार रुपये का अर्थदंड वसूला गया।
जिला परिवहन अधिकारी ने बताया कि वाहन मालिकों एवं चालकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि मालवाहक वाहनों में सवारियों का परिवहन किसी भी स्थिति में न करें। उन्होंने कहा कि यह न केवल मोटरयान अधिनियम का उल्लंघन है, बल्कि यात्रियों की सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा है।
उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध परिवहन एवं पुलिस विभाग की संयुक्त कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।