अंतर्राज्यीय सीमा पर कलेक्टर का आकस्मिक निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा।
बलरामपुर…
कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी ने शुक्रवार को विकासखंड कुसमी स्थित अंतर्राज्यीय सीमा के कोरंधा चेकपोस्ट एवं पुलिस थाना का आकस्मिक निरीक्षण कर सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने थाना परिसर की व्यवस्थाओं, सुरक्षा इंतजाम, कार्यालयीन अभिलेखों के संधारण तथा साफ-सफाई का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने थाना प्रभारी से क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, अंतर्राज्यीय सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था, नियमित गश्त और वाहनों की जांच संबंधी जानकारी प्राप्त की। उन्होंने थाना अभिलेखों का अवलोकन करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा आम नागरिकों की शिकायतों का त्वरित एवं संवेदनशीलता के साथ निराकरण सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
कलेक्टर ने विवेचक कक्ष, मोहर्रिर कक्ष, पुरुष एवं महिला बंदी कक्ष सहित थाना परिसर के विभिन्न कक्षों का भी निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
उन्होंने सीमावर्ती क्षेत्रों में वाहनों की नियमित जांच, संदिग्ध व्यक्तियों एवं अवैध गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने तथा अंतर्राज्यीय सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने अधिकारियों से पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए सीमा क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष ध्यान देने को कहा।