मध्यप्रदेश की विदेशी शराब के साथ दो आरोपी गिरफ्तार।
आबकारी विभाग की वाड्रफनगर के महेवा गांव में कार्रवाई, 12.6 बल्क लीटर शराब जब्त।
बलरामपुर…
आबकारी विभाग ने जिले में अवैध शराब के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत वाड्रफनगर क्षेत्र के ग्राम महेवा में कार्रवाई करते हुए मध्यप्रदेश निर्मित विदेशी शराब के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई 16 जुलाई को की गई।
आबकारी विभाग के अनुसार पहले प्रकरण में ग्राम महेवा निवासी राजेश कुमार के कब्जे से 50 पाव गोवा स्पेशल विदेशी शराब (कुल 9 बल्क लीटर) बरामद की गई। आरोपी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क), 34(2), 36 एवं 59(क) के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
दूसरे प्रकरण में संतोष प्रजापति के कब्जे से 8 पाव गोवा तथा 12 पाव रॉयल स्टेज विदेशी शराब (कुल 3.6 बल्क लीटर) जब्त की गई। आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। मामला जमानतीय होने के कारण उसे जमानत मुचलके पर रिहा कर दिया गया।
दोनों मामलों की विवेचना आबकारी उपनिरीक्षक अभिषेक कुमार राजवाड़े द्वारा की जा रही है। कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक चंद्रदीप भगत, राकेश तिर्की, मुख्य आरक्षक गिरजा शंकर शुक्ला, धर्मजीत राम शर्मा, आरक्षक प्रियेश साहू, सचिन यादव, महिला नगर सैनिक कलिस्ता एक्का, हेमंती तिर्की तथा वाहन चालक अमोल सिंह आर्मो और दिनेश यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
आबकारी विभाग ने कहा है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।