यातायात नियमों के उल्लंघन पर तीन ऑटो चालकों पर कार्रवाई, दो वाहन जब्त।
एक ऑटो चालक पर 3 हजार रुपये का जुर्माना, परिवहन व पुलिस विभाग का संयुक्त अभियान जारी।
बलरामपुर…..
जिले में सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रभावी पालन को सुनिश्चित करने के लिए परिवहन विभाग और पुलिस विभाग द्वारा संयुक्त रूप से सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में रामानुजगंज क्षेत्र में की गई कार्रवाई के दौरान तीन ऑटो वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।

जांच के दौरान ऑटो चालकों से पंजीयन प्रमाणपत्र, फिटनेस, बीमा, परमिट, ड्राइविंग लाइसेंस सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई। दस्तावेजों में अनियमितता एवं यातायात नियमों के उल्लंघन पाए जाने पर दो ऑटो वाहनों को जब्त कर लिया गया, जबकि एक ऑटो चालक पर मोटरयान अधिनियम के तहत 3 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
यह कार्रवाई कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी के मार्गदर्शन में सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने और बिना वैध दस्तावेजों के संचालित वाहनों पर नियंत्रण के उद्देश्य से की गई।
परिवहन विभाग ने सभी वाहन स्वामियों एवं चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों के पंजीयन प्रमाणपत्र, फिटनेस, बीमा, परमिट, प्रदूषण प्रमाणपत्र तथा ड्राइविंग लाइसेंस सहित सभी आवश्यक दस्तावेज अद्यतन रखें और वाहन चलाते समय साथ रखें। विभाग ने स्पष्ट किया है कि बिना वैध दस्तावेज वाहन संचालन, यातायात नियमों के उल्लंघन तथा यात्रियों की सुरक्षा से जुड़े मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।