बारिश से निर्माणाधीन पुल क्षतिग्रस्त, प्रशासन तुरंत पहुंचा मौके पर।
कलेक्टर के निर्देश पर वर्षाजनित स्थिति पर सतत निगरानी, राशन, पेयजल व स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित।
बलरामपुर…
लगातार हो रही बारिश के चलते विकासखंड राजपुर के ग्राम मांकड़ और उफिया के बीच निर्माणाधीन पुल क्षतिग्रस्त हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लेकर आवश्यक व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।

तहसीलदार श्रीमती कावेरी मुखर्जी, डॉ. फिरोज, संबंधित पटवारी सहित प्रशासनिक अमला ग्राम मांकड़ पहुंचा। अधिकारियों ने ग्रामीणों से चर्चा कर हालात की जानकारी ली तथा गांव में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का आकलन किया। प्रशासन के अनुसार गांव में पेयजल, राशन एवं आवश्यक दवाइयों की पर्याप्त व्यवस्था उपलब्ध है और ग्रामीणों से लगातार संपर्क बनाए रखा जा रहा है।
स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए ग्राम के निकट स्थित अलखडीह एवं जिगड़ी उपस्वास्थ्य केंद्रों को सतर्क रखा गया है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर ग्रामीणों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।
प्रशासन ने ग्रामीणों से बारिश के दौरान क्षतिग्रस्त पुल के आसपास नहीं जाने और सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देश पर जिले में वर्षाजनित स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर दी गई हैं और संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।