सरदार वल्लभभाई पटेल जयंती पर विद्यार्थियों में राष्ट्रीय एकता और सुरक्षा का संदेश, मेधावियों का हुआ सम्मान।
बलरामपुर…
लौह पुरुष एवं भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती (राष्ट्रीय एकता दिवस) के अवसर पर कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बलरामपुर तथा स्वामी आत्मानंद शासकीय हिंदी एवं अंग्रेजी माध्यम विद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में चित्रकला, निबंध लेखन एवं वाद-विवाद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया तथा राष्ट्रीय एकता, साइबर सुरक्षा, महिला सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर (भा.पु.से.) ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण और देशी रियासतों के एकीकरण में उनके ऐतिहासिक योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर योजनाबद्ध अध्ययन, अनुशासन, कठिन परिश्रम और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। साथ ही सोशल मीडिया के प्रभाव, शिक्षा के महत्व, साइबर अपराधों से बचाव, बालिका एवं महिला सुरक्षा तथा यातायात नियमों के पालन की जानकारी भी दी।

प्रतियोगिताओं में निबंध लेखन में इरम ने प्रथम, रोशनी सिंह ने द्वितीय और पूर्णिमा सिंह ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। चित्रकला प्रतियोगिता में चाहत गुप्ता प्रथम, काजल गुप्ता द्वितीय तथा धनंजय कुशवाहा एवं लकी राम ईश्वर संयुक्त रूप से तृतीय रहे। वाद-विवाद प्रतियोगिता में माही सोनी प्रथम, कंचन द्वितीय तथा रोशन तारा तृतीय स्थान पर रहे।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने पुलिस अधीक्षक से करियर और प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े प्रश्न भी पूछे। काजल गुप्ता ने 12वीं की पढ़ाई के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को लेकर मार्गदर्शन प्राप्त किया, जबकि नंदिनी मेहता ने विज्ञान संकाय के साथ CLAT और सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी के संबंध में प्रश्न किया। पुलिस अधीक्षक ने अपने अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों को विषय चयन और निरंतर मेहनत का महत्व बताया।
यातायात प्रभारी रक्षित निरीक्षक विमलेश कुमार देवांगन ने सड़क सुरक्षा, हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, नशे की हालत में वाहन न चलाने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करने की सलाह दी। उन्होंने डायल-112, पीएम राहत योजना और राजवीर योजना की जानकारी देते हुए आपातकालीन स्थिति में तत्काल पुलिस सहायता उपलब्ध होने की जानकारी भी दी।
कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधन, पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षकगण तथा 500 से अधिक छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।