Skip to main content

BalrampurChhattisgarhWadrafnagar

सर्पदंश से 29 वर्षीय महिला की मौत, अस्पताल पहुंचने में हुई देरी, स्वास्थ्य विभाग का अपील- सर्पदंश होने पर झाड़-फूंक नहीं, तत्काल अस्पताल पहुंचे।

वाड्रफनगर/ बलरामपुर

जिले के वाड्रफनगर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पलगी में सर्पदंश से एक 29 वर्षीय महिला की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम पलगी निवासी सुनीता सिंह (29 वर्ष), पति रामलाल, 28-29 जुलाई की मध्यरात्रि अपने परिवार के साथ घर में सो रही थीं। इसी दौरान रात करीब 1 बजे किसी विषैले सर्प ने उन्हें डस लिया। परिजनों के मुताबिक, सर्पदंश का अहसास होने पर सुनीता ने तत्काल अपने पति को इसकी जानकारी दी।

ग्रामीणों का कहना है कि महिला को समय पर अस्पताल नहीं ले जाया जा सका, जिससे उपचार में काफी देरी हुई। बाद में शासकीय वाहन से सुबह करीब 10 बजे उन्हें सिविल अस्पताल वाड्रफनगर लाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर त्रिकुंडा थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

बारिश के मौसम में जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में सर्पदंश की घटनाएं बढ़ने से लोगों में चिंता का माहौल है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि सर्पदंश की स्थिति में झाड़-फूंक या घरेलू उपचार के भरोसे समय न गंवाएं, बल्कि पीड़ित को तत्काल निकटतम स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल पहुंचाकर उपचार कराएं। समय पर इलाज मिलने से सर्पदंश पीड़ित की जान बचाई जा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *