Skip to main content

BalrampurChhattisgarhLocalWadrafnagar

स्कूल में अभद्र व्यवहार व मारपीट के आरोप में दो प्रयोगशाला सहायक निलंबित।

विद्यालयीन समय में प्रभारी प्राचार्य व व्याख्याता से मारपीट का मामला, जिला शिक्षा अधिकारी की कार्रवाई।

वाड्रफनगर/ बलरामपुर….

शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बसंतपुर, विकासखंड वाड्रफनगर में प्रभारी प्राचार्य एवं एक व्याख्याता के साथ अभद्र व्यवहार और मारपीट के मामले में जिला शिक्षा विभाग ने सख्त कार्रवाई करते हुए दो प्रयोगशाला सहायकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार, विकासखंड शिक्षा अधिकारी वाड्रफनगर की जांच रिपोर्ट के आधार पर प्रयोगशाला सहायक अयोध्या प्रसाद यादव एवं विजय कुमार यादव के विरुद्ध कार्रवाई की गई है। जांच में पाया गया कि 15 जुलाई 2026 को विद्यालयीन समय के दौरान विषय कालखंड की समय-सारणी को लेकर दोनों कर्मचारियों ने प्रभारी प्राचार्य अनंत कुमार यादव तथा व्याख्याता इजहारुल हक अंसारी के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए मारपीट की। जिला शिक्षा अधिकारी ने आदेश में कहा है कि दोनों कर्मचारियों का यह कृत्य शासकीय सेवक के आचरण के विपरीत है। इससे विद्यालय का शैक्षणिक वातावरण प्रभावित हुआ तथा अध्ययन-अध्यापन कार्य भी बाधित हुआ। घटना से विद्यार्थियों एवं अन्य कर्मचारियों के बीच अनुशासन और शैक्षणिक मर्यादा पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा।

प्रकरण को छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के नियम-3 का उल्लंघन मानते हुए छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1966 के तहत अनुशासनात्मक कार्रवाई प्रारंभ की गई है। दोनों कर्मचारियों को नियम-9(1)(क) के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

निलंबन अवधि में दोनों का मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, रामचंद्रपुर निर्धारित किया गया है। इस दौरान उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा। कार्रवाई की सूचना कलेक्टर बलरामपुर-रामानुजगंज, विकासखंड शिक्षा अधिकारी वाड्रफनगर एवं रामचंद्रपुर तथा संबंधित विद्यालय को भी भेज दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *