Skip to main content

BalrampurChhattisgarhLocal

अवैध साल चिरान परिवहन पर वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, दो आरोपी गिरफ्तार, मोटरसाइकिल से 07 नग साल चिरान जब्त।

बलरामपुर….

वनमंडल बलरामपुर में अवैध वनोपज के परिवहन के खिलाफ वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मोटरसाइकिल से अवैध रूप से परिवहन की जा रही 07 नग साल चिरान लकड़ी जब्त की है। जब्त लकड़ी की मात्रा 0.141 घनमीटर बताई गई है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से जेल वारंट जारी होने के बाद दोनों को जेल दाखिल कराया गया।

वन विभाग के अनुसार, 15 सितंबर 2026 को वन परिक्षेत्र बलरामपुर के अंतर्गत ग्राम भनौरा के पास जांच के दौरान मोटरसाइकिल क्रमांक CG 30 D 1479 को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल से अवैध रूप से साल चिरान का परिवहन किया जाना पाया गया। इसके बाद वन विभाग की टीम ने मोटरसाइकिल सहित लकड़ी को जब्त कर लिया।

मामले में वन विभाग द्वारा आरोपियों के खिलाफ भारतीय वन अधिनियम 1927 की धारा 41 एवं 52 तथा छत्तीसगढ़ अभिवहन (वनोपज) नियम 2001 के नियम 22 के तहत विधिवत कार्रवाई की गई।

यह कार्रवाई वनमंडलाधिकारी आलोक कुमार बाजपेयी के निर्देशन एवं उपवनमंडलाधिकारी अनिल कुमार सिंह पैकरा के मार्गदर्शन में वन विभाग एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम द्वारा की गई।

विभागीय कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय रामानुजगंज के समक्ष पेश किया गया। न्यायालय द्वारा जेल वारंट जारी किए जाने के बाद दोनों आरोपियों को जेल दाखिल कराया गया। विभाग के अनुसार, मामले में मुख्य आरोपी द्वारा बलरामपुर में मदन फर्नीचर मार्ट संचालित किया जाता है।

*अवैध लकड़ी परिवहन पर सख्ती जारी*

वनमंडलाधिकारी आलोक कुमार बाजपेयी ने कहा कि अवैध वनोपज परिवहन एवं वन अपराधों के विरुद्ध वन विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। बलरामपुर वन क्षेत्र में अवैध लकड़ी के परिवहन पर निगरानी बढ़ाई गई है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। वन संपदा की सुरक्षा विभाग की प्राथमिकता है।

वन विभाग ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि उन्हें अवैध रूप से लकड़ी के परिवहन अथवा कटाई से संबंधित कोई जानकारी मिलती है, तो तत्काल वन विभाग को इसकी सूचना दें।

इस कार्यवाही में प्रभारी वन परिक्षेत्राधिकारी बलरामपुर निखिल सक्सेना (स.व.स.) एवं प्रहलाद तिवारी वनपाल, रामकुमार यादव वनपाल, रामलगन यादव वनरक्षक, अजीत कुजूर वनरक्षक, शिवशंकर सिंह वनरक्षक, प्रवीण बेक वनरक्षक, राजेश राम वनरक्षक, संजीव सिंह वनरक्षक शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *