बैकुण्ठपुर छात्रावास में स्वास्थ्य एवं नेत्र जांच शिविर आयोजित।
बच्चों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण, आयुर्वेदिक जीवनशैली अपनाने का दिया संदेश।
बलरामपुर…
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मुरकौल की स्वास्थ्य टीम द्वारा ग्राम बैकुण्ठपुर स्थित प्राइमरी एवं मिडिल छात्रावास में स्वास्थ्य परीक्षण एवं नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में छात्रावास में निवासरत सभी छात्र-छात्राओं का सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण कर आंखों की जांच की गई तथा उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
स्वास्थ्य टीम ने बच्चों के सामान्य स्वास्थ्य, आंखों की रोशनी एवं अन्य नेत्र संबंधी समस्याओं की जांच करते हुए नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, व्यक्तिगत स्वच्छता और संतुलित आहार के महत्व की जानकारी दी। साथ ही बच्चों को स्वास्थ्य संबंधी किसी भी समस्या को नजरअंदाज न करने तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल चिकित्सकीय परामर्श लेने की सलाह दी गई।

कार्यक्रम के दौरान आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्धति के माध्यम से स्वस्थ रहने के उपायों पर भी विस्तार से जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने दिनचर्या एवं ऋतुचर्या के महत्व को बताते हुए मौसम के अनुरूप खान-पान और जीवनशैली अपनाने की सलाह दी। बच्चों को समय पर भोजन करने, पर्याप्त नींद लेने, नियमित योग एवं व्यायाम करने तथा स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बदलते मौसम में होने वाली सामान्य बीमारियों से बचाव के उपाय बताते हुए साफ-सफाई रखने और आसपास के वातावरण को स्वच्छ बनाए रखने का संदेश भी दिया।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्रावास में रहने वाले बच्चों के स्वास्थ्य की नियमित निगरानी करना, संभावित स्वास्थ्य समस्याओं की समय रहते पहचान करना तथा उन्हें स्वास्थ्य एवं आयुर्वेदिक जीवनशैली के प्रति जागरूक बनाना है।