आयुष्मान कार्ड महाअभियान में बलरामपुर अव्वल, दो दिन में बने 4,681 कार्ड।
बलरामपुर….
जिले में संचालित विशेष आयुष्मान एवं वय वंदन कार्ड महाअभियान को जिला प्रशासन की रणनीति, सतत मॉनिटरिंग और विभागीय समन्वय से उल्लेखनीय सफलता मिल रही है। कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी के नेतृत्व में 5 से 7 अगस्त तक चल रहे अभियान के पहले ही दिन बलरामपुर ने पूरे प्रदेश में सर्वाधिक आयुष्मान एवं वय वंदन कार्ड बनाकर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
अभियान के पहले दो दिनों में जिले में 4,350 आयुष्मान कार्ड और 331 वय वंदन कार्ड सहित कुल 4,681 कार्ड बनाए गए। ग्राम पंचायतों से लेकर नगरीय निकायों तक लगाए गए विशेष शिविरों में बड़ी संख्या में पात्र हितग्राहियों ने पहुंचकर पंजीयन कराया।
विकासखंडवार उपलब्धियों में बलरामपुर में 1,215 आयुष्मान व 67 वय वंदन, रामचंद्रपुर में 561 आयुष्मान व 36 वय वंदन, वाड्रफनगर में 1,277 आयुष्मान व 59 वय वंदन, राजपुर में 385 आयुष्मान व 81 वय वंदन, शंकरगढ़ में 318 आयुष्मान व 47 वय वंदन तथा कुसमी में 594 आयुष्मान व 41 वय वंदन कार्ड बनाए गए।
कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी अभियान की नियमित समीक्षा कर अधिकारियों को निर्देश दे रही हैं कि कोई भी पात्र हितग्राही योजना के लाभ से वंचित न रहे।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने सभी पात्र राशन कार्डधारी परिवारों से विशेष अभियान का लाभ उठाकर परिवार के पात्र सदस्यों का आयुष्मान कार्ड तथा 70 वर्ष या उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों का वय वंदन कार्ड बनवाने की अपील की है। उन्होंने बताया कि पंजीयन के लिए आधार कार्ड, राशन कार्ड और मोबाइल नंबर साथ लाना आवश्यक है।