बिना लाइसेंस वाहन चलाने और मालवाहक में सवारी ढोने पर चालान।
बलरामपुर…..
जिले में सड़क सुरक्षा और जनसुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देशन में परिवहन विभाग द्वारा सघन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाना, यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना है।
इसी क्रम में विकासखंड रामचंद्रपुर के विजयनगर क्षेत्र में परिवहन विभाग की टीम ने विशेष जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान एक ऑटो रिक्शा चालक के पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस नहीं मिला, जबकि वाहन के फिटनेस संबंधी दस्तावेज भी अधूरे पाए गए। इस पर मोटरयान अधिनियम के तहत चालक पर 1,000 रुपये का चालान किया गया।
वहीं, एक मालवाहक पिकअप वाहन में नियमों के विपरीत सवारियों का परिवहन करते हुए पाए जाने पर चालक पर 3,000 रुपये की चालानी कार्रवाई की गई। अधिकारियों ने चालक को भविष्य में मालवाहक वाहन में सवारियां नहीं ढोने की सख्त हिदायत देते हुए यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश दी। अधिकारियों ने बताया कि मालवाहक वाहनों में सवारियों का परिवहन दुर्घटना की स्थिति में गंभीर जनहानि का कारण बन सकता है।
प्रशासन ने सभी वाहन चालकों से अपील की है कि वे वैध ड्राइविंग लाइसेंस के साथ ही वाहन चलाएं, वाहन के सभी आवश्यक दस्तावेज अद्यतन रखें तथा मालवाहक वाहनों में सवारियों का परिवहन करने से बचें।