Skip to main content

BalrampurChhattisgarhLocal

प्रधानमंत्री के जन स्वास्थ्य विजन को मिली सफलता, एचपीवी टीकाकरण में बलरामपुर जिला प्रदेश में अव्वल, 100 फीसदी लक्ष्य हासिल।

बलरामपुर…

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन स्वास्थ्य विजन के तहत संचालित निःशुल्क एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान में बलरामपुर-रामानुजगंज जिले ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया है। यू-विन प्रगतिशील रिपोर्ट के अनुसार जिले ने निर्धारित लक्ष्य के विरुद्ध 100 प्रतिशत उपलब्धि दर्ज कर छत्तीसगढ़ में शीर्ष स्थान हासिल किया है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित मातृ एवं बाल स्वास्थ्य कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन के तहत कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देशन, सतत समीक्षा और प्रभावी मॉनिटरिंग में स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, स्कूल शिक्षा विभाग तथा मैदानी अमले के समन्वित प्रयासों से यह सफलता मिली है। जिले के दूरस्थ एवं विशेष पिछड़े जनजातीय क्षेत्रों तक पहुंचकर पात्र किशोरियों का टीकाकरण सुनिश्चित किया गया।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विजय कुमार सिंह ने बताया कि जिले में 8,785 किशोरियों के टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया था, जिसके विरुद्ध 8,763 किशोरियों का टीकाकरण पूरा किया जा चुका है। यू-विन पोर्टल के अनुसार जिले ने प्रदेश में सर्वाधिक 100 प्रतिशत उपलब्धि दर्ज करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया है।

उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान वनांचल और दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंचना, विद्यालयों में अवकाश के दौरान छात्राओं से संपर्क करना, अभिभावकों की शंकाओं का समाधान करना तथा पात्र किशोरियों का सत्यापन जैसी चुनौतियां सामने आईं। इनसे निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने डोर-टू-डोर संपर्क अभियान, विशेष टीकाकरण सत्र, विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से पात्र बालिकाओं की पहचान तथा मितानिनों, एएनएम और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की। छूटी हुई प्रत्येक पात्र किशोरी तक पहुंचने के लिए विशेष अभियान चलाया गया, जिसके परिणामस्वरूप जिले ने शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया।

अभियान के दौरान विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों और स्वास्थ्य संस्थानों के माध्यम से किशोरियों एवं उनके अभिभावकों को एचपीवी संक्रमण और सर्वाइकल कैंसर से बचाव के प्रति व्यापक रूप से जागरूक किया गया।

इस उपलब्धि पर कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी ने स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, स्कूल शिक्षा विभाग, मितानिनों, एएनएम, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं तथा अभियान से जुड़े सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई देते हुए इसे विभागीय समन्वय, जनसहभागिता और टीमवर्क का परिणाम बताया। वहीं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विजय कुमार सिंह ने कहा कि एचपीवी टीकाकरण किशोरियों को भविष्य में सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षा प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है तथा उन्होंने अभिभावकों से टीकाकरण अभियानों में सक्रिय सहयोग की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *