संलग्नीकरण नहीं, प्रतिनियुक्ति पर मिला मुन्नालाल ध्रुवे को प्रभारी जनपद सीईओ का दायित्व।
बलरामपुर…
जनपद पंचायत कुसमी के प्रभारी मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) मुन्नालाल ध्रुवे की नियुक्ति को लेकर विभिन्न समाचार एवं सोशल मीडिया में प्रसारित खबरों के संबंध में आदिवासी विकास विभाग ने स्थिति स्पष्ट की है। विभाग ने बताया है कि मुन्नालाल ध्रुवे को यह दायित्व संलग्नीकरण समाप्त होने के बाद नहीं, बल्कि प्रतिनियुक्ति व्यवस्था के तहत दिया गया है।
सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास विभाग के अनुसार राज्य शासन के आदेशानुसार आदिम जाति एवं अनुसूचित जाति विकास विभाग के अंतर्गत संचालित आश्रम-शालाओं में कार्यरत अधीक्षक सह प्रधान पाठक का पदनाम अब केवल प्रधान पाठक होगा तथा इन विद्यालयों का संचालन स्कूल शिक्षा विभाग को हस्तांतरित किया जाएगा। जिन संस्थाओं में अधीक्षक का पृथक पद स्वीकृत है और जहां भर्ती प्रक्रिया जारी है, वहां नियमित नियुक्ति होने तक वर्तमान में कार्यरत कर्मचारियों को अधीक्षक पद पर प्रतिनियुक्ति अथवा प्रभार पर कार्यरत माना जाएगा।
इसी व्यवस्था के तहत मुन्नालाल ध्रुवे अधीक्षक पद पर कार्यरत थे। कार्यालय आयुक्त, आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास, इंद्रावती भवन, नवा रायपुर अटल नगर द्वारा 24 फरवरी 2025 को जारी आदेश के अनुसार उन्हें कार्यालय सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास, बलरामपुर में प्रभारी क्षेत्र संयोजक के रूप में पदस्थ किया गया था।
इसके बाद प्रशासनिक व्यवस्था के तहत उन्हें आगामी आदेश तक जनपद पंचायत कुसमी के प्रभारी मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) का अतिरिक्त दायित्व सौंपा गया।
विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि मुन्नालाल ध्रुवे शिक्षा विभाग का संलग्नीकरण समाप्त होने से पहले ही प्रतिनियुक्ति पर आदिवासी विकास विभाग में कार्यरत हैं। उनका वेतन एवं भत्तों का भुगतान भी वर्तमान में आदिवासी विकास विभाग द्वारा ही किया जा रहा है।