Skip to main content

BalrampurChhattisgarhLocal

भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा की जिला कार्यसमिति बैठक संपन्न, संगठन विस्तार और जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर पहुंचाने पर जोर।

बलरामपुर…

भारतीय जनता पार्टी अल्पसंख्यक मोर्चा, बलरामपुर-रामानुजगंज की जिला कार्यसमिति सह परिचयात्मक बैठक बुधवार को भाजपा जिला कार्यालय, बलरामपुर में जिला अध्यक्ष मो. शमीम की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने तथा आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा छत्तीसगढ़ प्रदेश की विशेष आमंत्रित सदस्य एवं जिला सह प्रभारी श्रीमती रितिमा लाल उपस्थित रहीं। विशिष्ट अतिथियों में भाजपा जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश जायसवाल, जिला महामंत्री भानु प्रकाश दीक्षित, अल्पसंख्यक मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष कमरुद्दीन अंसारी, रज्जाक खलीफा, भाजपा जिला मीडिया प्रभारी जितेंद्र श्रीवास्तव, जिला प्रवक्ता दीनानाथ यादव तथा जिला कार्यालय मंत्री अजय गुप्ता शामिल रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत जिला अध्यक्ष मो. शमीम के स्वागत उद्बोधन से हुई। उन्होंने सभी अतिथियों, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का स्वागत करते हुए कहा कि सभी के सामूहिक प्रयासों से जिले में अल्पसंख्यक मोर्चा को और अधिक सशक्त बनाया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

भाजपा जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश जायसवाल ने कहा कि संगठन की मजबूती ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने अल्पसंख्यक मोर्चा के कार्यकर्ताओं से समाज के अधिक से अधिक लोगों को भारतीय जनता पार्टी से जोड़ने तथा पार्टी की विचारधारा और नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का आग्रह किया। उन्होंने जिला अध्यक्ष मो. शमीम के नेतृत्व में जिले में संगठन की सक्रियता की सराहना भी की।

जिला महामंत्री भानु प्रकाश दीक्षित ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मूल मंत्र पर कार्य करती है। उन्होंने बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और प्रत्येक कार्यकर्ता से पूरी निष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की अपील की।

जिला प्रवक्ता दीनानाथ यादव ने संगठनात्मक गतिविधियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पार्टी की योजनाओं और कार्यक्रमों को बूथ स्तर तक पहुंचाना प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है। उन्होंने डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले राजपुर मंडल को प्रथम तथा बरियों मंडल को द्वितीय स्थान प्राप्त करने पर सम्मानित किया और कहा कि समर्पित कार्यकर्ताओं को पार्टी हमेशा आगे बढ़ने का अवसर देती है।

मुख्य अतिथि श्रीमती रितिमा लाल ने परिचयात्मक सत्र के दौरान जिले के सभी पदाधिकारियों से परिचय प्राप्त किया तथा जिले में अल्पसंख्यक मोर्चा की सक्रियता की सराहना की। उन्होंने कहा कि जिस तरह बलरामपुर जिले में संगठनात्मक कार्य हो रहे हैं, उससे आने वाले समय में यह जिला पूरे प्रदेश में अपनी अलग पहचान बनाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत योजना, महतारी वंदन योजना सहित केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने का आह्वान किया।

बैठक का संचालन जिला महामंत्री इरफान अंसारी ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन जिला मंत्री राशिद खान ने किया।

इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष कमरुद्दीन अंसारी, रज्जाक खलीफा, जिला महामंत्री कासिम अंसारी, जिला एवं मंडल पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, महामंत्री तथा जिले के सभी मंडलों से बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

बैठक का समापन संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा आगामी कार्यक्रमों को सफलतापूर्वक संचालित करने के संकल्प के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *