Skip to main content

BalrampurChhattisgarhLocalWadrafnagar

समर्पण दीप अध्यात्म महोत्सव को लेकर वाड्रफनगर में संकल्प अभियान तेज, 3 अक्टूबर को पीएमश्री हाई स्कूल ग्राउंड में होगा आयोजन।

संत प्रवर विज्ञानदेव महाराज के सान्निध्य में जय स्वर्वेद कथा, ध्यान-साधना व सत्संग का कार्यक्रम।

बलरामपुर/वाड्रफनगर। 

विहंगम योग संत समाज के 103वें वार्षिकोत्सव के अवसर पर आगामी 14 एवं 15 दिसंबर 2026 को वाराणसी के स्वर्वेद महामंदिर धाम, उमरहाँ में आयोजित होने वाले “समर्पण दीप अध्यात्म महोत्सव एवं 25 हजार कुंडीय स्वर्वेद ज्ञान महायज्ञ” को लेकर वाड्रफनगर क्षेत्र में संकल्प अभियान तेज हो गया है। इसी क्रम में 3 अक्टूबर 2026 को सुबह 11 बजे पीएम श्री हाई स्कूल ग्राउंड वाड्रफनगर में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

अभियान के माध्यम से क्षेत्रवासियों को आगामी आध्यात्मिक आयोजन की जानकारी देने के साथ उन्हें सेवा, सत्संग, साधना और समर्पण की भावना से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। विहंगम योग संत समाज के अनुसार, वाराणसी में होने वाले इस आयोजन में देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की तैयारी है।

*संत प्रवर विज्ञानदेव महाराज के सान्निध्य में होंगे कार्यक्रम*

संकल्प अभियान के तहत संत प्रवर विज्ञानदेव महाराज के वाड्रफनगर पहुंचने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। उनके सान्निध्य में आध्यात्मिक एवं सामाजिक जागरूकता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान श्रद्धालुओं को उनकी संगीतमयी “जय स्वर्वेद कथा”, सत्संग, ध्यान-साधना एवं दर्शन-सान्निध्य का अवसर प्राप्त होगा।

आयोजकों के अनुसार, जय स्वर्वेद कथा के माध्यम से स्वर्वेद के आध्यात्मिक संदेश एवं ब्रह्मविद्या के तत्त्वज्ञान को सरल रूप में लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। वहीं ध्यान-साधना के माध्यम से साधकों को आत्मिक शांति और आध्यात्मिक अनुभव की दिशा में प्रेरित किया जाएगा।

*सेवा, सत्संग और साधना को अभियान का आधार*

संकल्प अभियान का उद्देश्य लोगों को महोत्सव से जोड़ने के साथ सेवा, सत्संग और साधना को जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित करना है। संत समाज ने क्षेत्रवासियों से सपरिवार आयोजन में सहभागी बनने तथा अपनी सामर्थ्य के अनुसार सेवा और समर्पण के कार्यों में योगदान देने का आह्वान किया है।

अभियान की महत्वपूर्ण कड़ी “समर्पण दीप” भी है। आयोजकों के अनुसार, गौवंश संवर्धन, वैदिक गुरुकुल संरक्षण तथा राष्ट्र के प्रहरियों के सम्मान के उद्देश्य से देशभर से समर्पण दीप अर्पित किए जा रहे हैं। इन्हीं दीपों को प्रज्वलित कर वाराणसी में दीपोत्सव आयोजित किया जाएगा।

*वाराणसी में होगा 25 हजार कुंडीय स्वर्वेद ज्ञान महायज्ञ*

आगामी 14 एवं 15 दिसंबर 2026 को स्वर्वेद महामंदिर धाम, उमरहाँ, वाराणसी में होने वाले महोत्सव का प्रमुख आकर्षण 25 हजार कुंडीय स्वर्वेद ज्ञान महायज्ञ होगा। विहंगम योग संत समाज के अनुसार, देश के विभिन्न क्षेत्रों से श्रद्धालु इस महायज्ञ में शामिल होकर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच आहुति देंगे।

वाड्रफनगर में आयोजित होने वाले संकल्प अभियान के माध्यम से विहंगम योग संत समाज ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में जुड़ने और आयोजन को सफल बनाने में सहयोग की अपील की है।

*विनीत — विहंगम योग संत समाज, वाड्रफनगर।*

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *