Skip to main content

BalrampurChhattisgarh

गुप्त चेंबर में छिपाकर ले जा रहे थे 109 किलो गांजा, कोतवाली पुलिस ने पकड़ा। उड़ीसा से बिहार जा रही पिकअप से 50 लाख रुपये से अधिक का गांजा बरामद, बक्सर निवासी आरोपी गिरफ्तार।

बलरामपुर….

अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना सिटी कोतवाली बलरामपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पिकअप वाहन से 109.235 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। पुलिस के अनुसार बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 50 लाख रुपये से अधिक है। गांजा पिकअप वाहन के डाला के नीचे बनाए गए गुप्त चेंबरनुमा बॉक्स में छिपाकर उड़ीसा से बिहार ले जाया जा रहा था। मामले में पुलिस ने बिहार के बक्सर जिले के रहने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

पुलिस के मुताबिक, उड़ीसा से बलरामपुर के रास्ते बिहार की ओर अवैध गांजा परिवहन किए जाने की सूचना के आधार पर जिले में विशेष निगरानी अभियान चलाया जा रहा था। पुलिस अधीक्षक बलरामपुर वैभव बैंकर के मार्गदर्शन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विश्वदीपक त्रिपाठी के निर्देशन में कोतवाली पुलिस पुराने एनडीपीएस मामलों से जुड़े आरोपियों की तकनीकी जानकारी और सोशल मीडिया गतिविधियों के आधार पर तस्करी पर नजर रख रही थी।

पुलिस को पिछले कुछ दिनों से उड़ीसा से बड़ी मात्रा में गांजा ले जाने की तैयारी संबंधी तकनीकी सूचना मिली थी। इसके बाद संभावित मार्गों पर मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर निगरानी बढ़ाई गई।

*मध्यरात्रि में एमसीपी लगाकर वाहन की जांच*

24 सितंबर 2026 की मध्यरात्रि को कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि सफेद रंग की बोलेरो पिकअप क्रमांक JH10AQ5144 में बड़ी मात्रा में गांजा उड़ीसा से बलरामपुर होते हुए बिहार ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने संभावित मार्ग पर मोबाइल चेक पोस्ट (एमसीपी) लगाकर वाहनों की जांच शुरू की।

इसी दौरान अंबिकापुर की ओर से उक्त पिकअप वाहन आते हुए दिखाई दिया। पुलिस टीम ने वाहन को रोककर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान पिकअप के डाला के नीचे गुप्त चेंबरनुमा बॉक्स बना होने का संदेह हुआ। पुलिस ने डाला को ऊपर से उठवाकर अलग कराया तो उसके नीचे बनाए गए गुप्त चेंबर में 100 पैकेट गांजा छिपाकर रखा हुआ मिला।

पुलिस ने मौके पर गांजे का वजन कराया, जो कुल 109.235 किलोग्राम पाया गया। इसकी अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये से अधिक बताई गई है। पुलिस ने गांजा सहित तस्करी में प्रयुक्त पिकअप वाहन को विधिवत जब्त कर लिया।

*बक्सर का रहने वाला है आरोपी*

पुलिस ने वाहन चालक योगीराज पिता ऐशन शाह, उम्र 29 वर्ष, निवासी ग्राम कतिकनार, वार्ड क्रमांक 05, थाना नवानगर, जिला बक्सर, बिहार को गिरफ्तार किया है। आरोपी के विरुद्ध थाना सिटी कोतवाली बलरामपुर में अपराध क्रमांक 167/2026, धारा 20(ख)(2)(ग) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। मामले में गांजा तस्करी से जुड़े अन्य आरोपियों की पतासाजी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि प्रकरण में संलिप्त अन्य आरोपियों की भी जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *