Skip to main content

BalrampurChhattisgarhLocalWadrafnagar

हर घर तिरंगा अभियान में एकजुट हुआ जिला, राजपुर, रामचंद्रपुर और वाड्रफनगर में निकली भव्य तिरंगा रैली।

हजारों लोगों ने कदम से कदम मिलाकर दिया राष्ट्रप्रेम का संदेश, गांव से शहर तक दिखा देशभक्ति का उत्साह।

राजपुर, रामचंद्रपुर, वाड्रफनगर…

हर घर तिरंगा अभियान के तहत जिलेभर में राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति का उत्साह देखने को मिला। हाथों में तिरंगा, चेहरे पर गर्व और कदमों में देशभक्ति का जोश लिए लोगों ने विभिन्न स्थानों पर तिरंगा यात्रा एवं जागरूकता गतिविधियों में सहभागिता की। इस दौरान गांव की गलियों से लेकर नगर के प्रमुख चौराहों तक तिरंगे की शान में पूरा जिला एकजुट नजर आया।

विकासखंड राजपुर मुख्यालय में हाई स्कूल ग्राउंड से भव्य तिरंगा रैली निकाली गई। रैली गांधी चौक एवं मुख्य मार्ग से होते हुए वापस हाई स्कूल ग्राउंड पहुंची। करीब 6 किलोमीटर लंबी इस रैली में स्कूली बच्चों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों सहित एक हजार से अधिक लोगों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। हाथों में लहराते तिरंगे, वंदे मातरम के नारों और देशभक्ति गीतों से पूरा राजपुर राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग गया। रैली को देखकर राहगीर और आम नागरिक भी देशभक्ति के इस कारवां से जुड़ते नजर आए।

*तिरंगा थाम विधायक ने बढ़ाया उत्साह*

सामरी विधायक श्रीमती उद्देश्वरी पैकरा ने भी तिरंगा रैली में सहभागिता की। हाथों में तिरंगा लेकर उन्होंने स्कूली बच्चों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ कदम से कदम मिलाया। बच्चों में रैली को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। देशभक्ति के नारों और गीतों के बीच सभी ने राष्ट्रीय एकता एवं राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।

विधायक श्रीमती पैकरा ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देश के प्रति सम्मान, गर्व और राष्ट्रभक्ति व्यक्त करने का अवसर है। उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि सभी अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराएं और पूरे उत्साह एवं गौरव के साथ स्वतंत्रता दिवस मनाएं। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से हर घर तिरंगा अभियान में सहभागी बनने का आह्वान किया।

*रामचंद्रपुर में वंदे मातरम के सामूहिक गायन से गूंजा परिसर*

जनपद पंचायत रामचंद्रपुर के प्रांगण में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्रगीत वंदे मातरम का सामूहिक गायन किया। इस दौरान पूरा परिसर राष्ट्रभक्ति की भावना से सराबोर नजर आया। हर घर तिरंगा अभियान के तहत ‘हर घर तिरंगा सेल्फी’ अभियान भी चलाया गया। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने तिरंगे के साथ सेल्फी लेकर पोर्टल पर अपलोड की तथा आमजन को भी अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।

*वाड्रफनगर के गांवों में निकली तिरंगा यात्रा*

जनपद पंचायत वाड्रफनगर के ग्राम पंचायत शारदापुर-ई सहित विभिन्न ग्राम पंचायतों में भी हर घर तिरंगा अभियान के तहत तिरंगा यात्रा निकाली गई। बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। हाथों में तिरंगा लेकर ग्रामीण गांव की गलियों में भ्रमण करते हुए हर घर तक राष्ट्रध्वज और राष्ट्रप्रेम का संदेश पहुंचाते नजर आए।

तिरंगा यात्रा के माध्यम से ग्रामीणों को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने-अपने घरों में तिरंगा फहराने तथा राष्ट्रीय पर्व को पूरे उत्साह और गौरव के साथ मनाने के लिए प्रेरित किया गया। जिले में आयोजित इन गतिविधियों ने हर घर तिरंगा अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के साथ राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति की भावना को भी मजबूत किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *