Skip to main content

BalrampurChhattisgarhLocal

विश्व हाथी दिवस पर राजपुर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित।

राजपुर, बलरामपुर…

विश्व हाथी दिवस के अवसर पर वन परिक्षेत्र राजपुर द्वारा कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय, राजपुर में जागरूकता एवं प्रतियोगिता कार्यक्रम आयोजित किया गया। वनमंडलाधिकारी बलरामपुर आलोक बाजपेयी के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में हाथियों एवं अन्य वन्यजीवों के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाने तथा मानव-हाथी सह-अस्तित्व के प्रति जागरूकता विकसित करना रहा।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों के लिए निबंध, चित्रकला एवं क्विज प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। जूनियर वर्ग की निबंध प्रतियोगिता के लिए “हाथी मेरे साथी” तथा सीनियर वर्ग के लिए “हाथियों का संरक्षण” विषय रखा गया। चित्रकला प्रतियोगिता में जूनियर वर्ग के लिए “हाथी बचाओ, जंगल बचाओ” और सीनियर वर्ग के लिए “हाथी-मानव सह-अस्तित्व” विषय दिए गए।

इसके अलावा हाथी एवं वन सुरक्षा से संबंधित विषयों पर जूनियर और सीनियर वर्ग के विद्यार्थियों के लिए क्विज प्रतियोगिता हेतु 50 रोचक प्रश्न तैयार किए गए। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए हाथियों के संरक्षण, प्राकृतिक आवास और मानव-हाथी सह-अस्तित्व से जुड़े विषयों पर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को जंगली हाथियों के व्यवहार, संरक्षण तथा हाथियों से सामना होने की स्थिति में बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी गई। साथ ही वन एवं वन्यजीव संरक्षण में विद्यार्थियों और आम नागरिकों की भूमिका के बारे में भी जागरूक किया गया।

प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र भी दिए जाएंगे।

वन विभाग की इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को हाथियों के महत्व से परिचित कराने, वन्यजीवों के प्रति संवेदनशील बनाने तथा मानव और हाथियों के बीच सुरक्षित एवं बेहतर सह-अस्तित्व की भावना विकसित करना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *