जमीन विवाद में हेडमास्टर की हत्या, वारदात में प्रयुक्त हथौड़ा-चाकू बरामद, दोनों आरोपी भेजे गए जेल।
बलरामपुर/त्रिकुण्डा…
बलरामपुर जिले के त्रिकुण्डा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम राधानगर में जमीन विवाद को लेकर हुई हेडमास्टर की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त हथौड़ा और चाकू भी बरामद कर लिया है।
पुलिस के अनुसार थाना त्रिकुण्डा में (बीएनएस) की धारा 103(2) एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बृजमोहन जगते एवं हरिमोहन जगते, दोनों निवासी ग्राम राधानगर के रूप में हुई है।
प्रार्थी जय सिंह जगते की रिपोर्ट के अनुसार परिवार के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। 20 जुलाई 2026 की सुबह उनके बड़े भाई जयकरण जगते, जो धमनी स्कूल में प्रधान पाठक (हेडमास्टर) के पद पर कार्यरत थे, मोटरसाइकिल से स्कूल जा रहे थे। इसी दौरान दोनों आरोपियों ने रास्ते में उन्हें रोक लिया और जमीन विवाद को लेकर सड़क किनारे ले जाकर धारदार हथियार एवं हथौड़े से हमला कर उनकी हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे।
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी त्रिकुण्डा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त हथौड़ा एवं चाकू बरामद कर जब्त किए गए।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।