20 लीटर महुआ शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार, तातापानी पुलिस की कार्रवाई।
बलरामपुर/तातापानी…
बलरामपुर-रामानुजगंज जिले की तातापानी पुलिस चौकी ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 20 लीटर हाथ भट्ठी से बनी महुआ शराब के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 19 जुलाई को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम चंद्रनगर निवासी धनपत (44 वर्ष), पिता रामशरण अपने घर में बिक्री के उद्देश्य से बड़ी मात्रा में अवैध महुआ शराब रखे हुए है। सूचना के आधार पर चौकी प्रभारी उमेश सिंह ने पुलिस टीम के साथ आरोपी के घर पर दबिश दी।
तलाशी के दौरान आरोपी के घर से 20 लीटर हाथ भट्ठी से निर्मित अवैध महुआ शराब बरामद की गई। पुलिस ने शराब जब्त कर आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया तथा उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया।
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी उमेश सिंह सहित पुलिस स्टाफ एवं प्रधान आरक्षक की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा।