Skip to main content

BalrampurChhattisgarhLocal

नशीली कफ सिरप सप्लाई करने वाला आरोपी झारखंड से गिरफ्तार, भेजा जेल।

कुसमी पुलिस की कार्रवाई, मोबाइल के जरिए कफ सिरप खरीदकर लाने का खुलासा।

कुसमी/ बलरामपुर…

नशीली कफ सिरप की अवैध बिक्री एवं सप्लाई के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत कुसमी पुलिस ने एक सप्लायर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की है। पुलिस के अनुसार, 16 मार्च 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुसमी निवासी आसिफ अंसारी उर्फ बबलू नशीली कफ सिरप लेकर बिक्री के लिए घूम रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने गवाहों की मौजूदगी में एकलव्य स्कूल के सामने मेन रोड कुसमी के पास घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से Wings कंपनी की Codeine Phosphate & Triprolidine Hydrochloride Syrup ONEREX की 13 शीशियां बरामद हुईं। प्रत्येक शीशी 100 एमएल की थी, इस प्रकार कुल 1300 एमएल नशीली कफ सिरप, जिसकी कीमत करीब 2,619.50 रुपये बताई गई है।

पूछताछ के दौरान आरोपी कफ सिरप के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद उसके खिलाफ धारा 21(C) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया था।

*विवेचना में सामने आया सप्लायर का नाम*

मामले की विवेचना के दौरान गिरफ्तार आरोपी के कथन और पुलिस को मिले साक्ष्यों के आधार पर कफ सिरप की सप्लाई करने वाले आरोपी दामोदर प्रसाद पिता स्व. रामलखन साव उर्फ लखन साव (59 वर्ष), निवासी बस स्टैंड रोड महुआडाड़, थाना महुआडाड़, जिला लातेहार, झारखंड की संलिप्तता सामने आई।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी आसिफ अंसारी मोबाइल के माध्यम से दामोदर प्रसाद से संपर्क कर कफ सिरप खरीदकर लाता था। विवेचना में दामोदर प्रसाद के विरुद्ध पर्याप्त अपराध-साक्ष्य पाए जाने के बाद पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।

पुलिस की इस कार्रवाई को नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री और सप्लाई पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *