Skip to main content

BalrampurChhattisgarhLocal

नुक्कड़ नाटक के जरिए गूंजी ‘अनकही कहानियां’, शंकरगढ़ के विद्यार्थियों ने दिया स्वच्छता और जनजागरूकता का संदेश।

बलरामपुर…

सेवा संकल्प अभियान के तहत संचालित ‘नमो सेवा- अनकही कहानियां’ पहल के माध्यम से गांव-गांव तक सेवा, जनकल्याण और सामाजिक बदलाव की कहानियां पहुंचाई जा रही हैं। इसी कड़ी में विकासखंड शंकरगढ़ के ग्राम बचवार में भारत पेट्रोलियम पंप परिसर के पास नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन अरुण प्रताप सिंह देव शासकीय महाविद्यालय शंकरगढ़ एवं राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।

महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं एनएसएस स्वयंसेवकों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, प्लास्टिक मुक्त परिसर तथा शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति लोगों को जागरूक किया। विद्यार्थियों ने रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े प्रसंगों और सरल संवादों के माध्यम से सामाजिक जागरूकता का संदेश प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।

नुक्कड़ नाटक का मंचन देखने के लिए राहगीरों और ग्रामीणों की भीड़ जुटी। विद्यार्थियों के सहज एवं जीवंत अभिनय ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। मंचन के बाद उपस्थित ग्रामीणों ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को लेकर जागरूक रहने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापक, राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। इस दौरान एनएसएस स्वयंसेवकों ने सेवा संकल्प अभियान की अवधि में ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने तथा लोगों को सामाजिक सरोकारों से जोड़ने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *