फर्जी रजिस्ट्री मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार, कूटरचित दस्तावेज तैयार कर तहसील में किया था पेश।
रामचंद्रपुर/ बलरामपुर
जिले के रामचंद्रपुर थाना पुलिस ने फर्जी रजिस्ट्री तैयार कर तहसील में प्रस्तुत करने के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। पुलिस ने इस मामले में (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं 318(3), 338, 336(3), 340(2) एवं 61(2) के तहत कार्रवाई की है।
पुलिस के अनुसार प्रार्थी अलाउद्दीन अंसारी (80 वर्ष), निवासी ग्राम रेवतीपुर ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वर्ष 2013 में उसने अपनी एक भूमि संत कुमार ठाकुर को विक्रय की थी। वर्ष 2018-19 में ऑनलाइन रिकॉर्ड संधारण के दौरान त्रुटिवश उसकी दूसरी भूमि, खसरा नंबर 149/2, भी संत कुमार ठाकुर के नाम दर्ज हो गई।
जब शिकायतकर्ता ने त्रुटि सुधार के लिए तहसील में आवेदन किया, तब तक संबंधित भूमि के नाम पर बैंक से केसीसी ऋण ले लिया गया था, जिससे सुधार की प्रक्रिया प्रभावित हुई। तहसील द्वारा रजिस्ट्री की प्रति मांगे जाने पर आरोपियों ने आपस में मिलीभगत कर कूटरचित (फर्जी) रजिस्ट्री दस्तावेज तैयार किए और उन्हें तहसील रामचंद्रपुर में प्रस्तुत कर दिया। इसी आधार पर संबंधित प्रकरण निरस्त कर दिया गया।
शिकायत के बाद एसडीओपी रामानुजगंज द्वारा मामले की जांच कराई गई, जिसमें दस्तावेजों के फर्जी होने की पुष्टि हुई। इसके बाद रामचंद्रपुर थाना पुलिस ने अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की और त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया।
गिरफ्तार आरोपी संत कुमार ठाकुर (42), निवासी रेवतीपुर, थाना रामचंद्रपुर, हामिद जुलाहा (42), निवासी रेवतीपुर,थाना रामचंद्रपुर, लल्लू नागवंशी (55), निवासी महावीरगंज, थाना रामानुजगंज शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की विवेचना जारी है।