संवेदनशील शासन की त्वरित पहल: मधुमक्खियों के हमले में घायल 12 विद्यार्थियों को दो दिन में मिली 3 लाख रुपये की सहायता
छात्र-दुर्घटना बीमा योजना के तहत प्रत्येक विद्यार्थी को 25 हजार रुपये की मदद, 5 अक्टूबर को हुई थी घटना।
बलरामपुर……
विद्यार्थियों की सुरक्षा और कल्याण के प्रति राज्य शासन की संवेदनशीलता का उदाहरण बलरामपुर जिले में देखने को मिला है। मधुमक्खियों के हमले में घायल हुए 12 विद्यार्थियों के लिए छात्र-दुर्घटना बीमा योजना के तहत प्रति विद्यार्थी 25 हजार रुपये की दर से कुल 3 लाख रुपये की सहायता राशि स्वीकृत की गई है। खास बात यह है कि घटना के महज दो दिन के भीतर सहायता राशि स्वीकृत करने की प्रक्रिया पूरी कर ली गई।
जानकारी के अनुसार, 5 अक्टूबर को मधुमक्खियों के हमले में 12 विद्यार्थी घायल हुए थे। घटना के बाद सभी घायल विद्यार्थियों को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल बलरामपुर, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामानुजगंज और महावीरगंज स्थित निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। समय पर उपचार मिलने से अधिकांश विद्यार्थियों की स्थिति सामान्य बताई जा रही है, जबकि एक विद्यार्थी का उपचार जारी है।
घटना के अगले ही दिन जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा सहायता राशि के लिए प्रस्ताव लोक शिक्षण संचालनालय को भेजा गया। इसके बाद 7 अक्टूबर को 12 विद्यार्थियों के लिए कुल 3 लाख रुपये की सहायता राशि स्वीकृत कर दी गई। प्रत्येक विद्यार्थी को 25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता मिलेगी।
स्वीकृत राशि का आहरण कलेक्टर से समन्वय कर किया जाएगा, ताकि सहायता राशि जल्द से जल्द विद्यार्थियों के परिजनों तक पहुंचाई जा सके। इससे उपचार में हुए खर्च का आर्थिक बोझ भी परिवारों पर कम होगा।
छात्र-दुर्घटना बीमा योजना शासकीय शालाओं में अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण सुरक्षा कवच है। आकस्मिक दुर्घटना की स्थिति में योजना के माध्यम से विद्यार्थियों और उनके परिवारों को आर्थिक संबल प्रदान किया जाता है। बलरामपुर में इस मामले में शिक्षा विभाग द्वारा दिखाई गई तत्परता से अभिभावकों में शासन और प्रशासन के प्रति भरोसा और मजबूत हुआ है।