उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने बलरामपुर जिले को दी 157 करोड़ के 191 विकास कार्यों की सौगात।
126 करोड़ के 171 कार्यों का लोकार्पण, 30.99 करोड़ के 20 नए कार्यों का भूमिपूजन; पेयजल, सड़क, पुल, शिक्षा और नगरीय सुविधाओं को मिलेगी मजबूती।
बलरामपुर….
जिले के विकास को नई गति प्रदान करने के उद्देश्य से उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने गुरुवार को 157 करोड़ 4 लाख रुपये के 191 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। आरागाही-ताम्बेश्वरनगर के खेल मैदान में आयोजित समारोह की अध्यक्षता कृषि मंत्री श्री रामविचार नेताम ने की। इस अवसर पर सरगुजा सांसद श्री चिंतामणि महाराज सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

समारोह में 126 करोड़ 4 लाख रुपये की लागत के 171 विकास कार्यों का लोकार्पण कर उन्हें जनता को समर्पित किया गया, वहीं 30 करोड़ 99 लाख रुपये की लागत के 20 नए कार्यों का भूमिपूजन किया गया। इन विकास कार्यों से जिले में पेयजल व्यवस्था, आवागमन, कृषि विपणन, शिक्षा और नगरीय सुविधाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
*छह विकासखंडों में 35 जल प्रदाय योजनाओं की सौगात*
जिले को मिली सौगातों में पेयजल योजनाएं प्रमुख रहीं। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की 66 करोड़ 93 लाख रुपये की लागत वाली 35 जल प्रदाय योजनाओं का लोकार्पण किया गया। इन योजनाओं से जिले के सभी छह विकासखंडों के ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल सुविधा का विस्तार होगा। इससे हजारों परिवारों को घर पर शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। साथ ही ग्रामीण महिलाओं को दूर-दराज के जलस्रोतों से पानी लाने की परेशानी से राहत मिलने की उम्मीद है।
*चार पुल जनता को समर्पित, चार नए पुलों का भूमिपूजन*
आवागमन सुविधाओं के विस्तार की दिशा में भी महत्वपूर्ण पहल की गई। 24 करोड़ 41 लाख रुपये की लागत से निर्मित चार उच्चस्तरीय पुलों का लोकार्पण किया गया। इनमें डीपाडीहकला-करमी उरांवटोली मार्ग पर गलफुल्ला नदी में 12 करोड़ 3 लाख रुपये की लागत से निर्मित पुल प्रमुख है। इसके अलावा देवरी-मदगुरी, सुंदरपुर-चौराखाड़ तथा अंबिकापुर-धनवार-वाराणसी मार्ग पर बने पुलों को भी जनता को समर्पित किया गया।
इन पुलों के निर्माण से बारिश के दौरान संपर्क बाधित होने वाले क्षेत्रों के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। वहीं, 18 करोड़ 31 लाख रुपये की लागत से इरिया, मोरन, सिंदूर और बांकी नदियों पर चार नए उच्चस्तरीय पुलों के निर्माण का भूमिपूजन किया गया। इन परियोजनाओं के पूरा होने पर नदी-नालों से प्रभावित ग्रामीण क्षेत्रों का संपर्क जिला मुख्यालय सहित अस्पतालों, स्कूलों और बाजारों से बेहतर होगा।
*कृषि विपणन के 130 कार्यों का लोकार्पण*
किसानों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के लिए कृषि विपणन बोर्ड के 33 करोड़ 1 लाख रुपये के 130 विकास कार्यों का लोकार्पण किया गया। इनमें महावीरगंज में 5,400 मीट्रिक टन क्षमता वाले गोदाम का निर्माण भी शामिल है। इससे किसानों को अपनी कृषि उपज के सुरक्षित भंडारण की सुविधा मिलेगी।
इसके अलावा महावीरगंज, कनकपुर, मानिकपुर, चम्पापुर, तातापानी, भैरोपुर चमनपुर और करचलगली में नीलामी चबूतरे, सीसी सड़कें तथा शौचालययुक्त हाट बाजार विकसित किए गए हैं। बलरामपुर और रामचन्द्रपुर विकासखंड में 100 से अधिक स्थानों पर सीसी सड़कों एवं पुलियों का निर्माण भी कराया गया है। इन कार्यों से ग्रामीण क्षेत्रों में बाजार तक पहुंच आसान होने के साथ कृषि उपज के व्यापार को भी बढ़ावा मिलेगा।
*स्कूल भवन से लेकर सीवरेज प्लांट तक की सौगात*
शिक्षा और नगरीय सुविधाओं के विस्तार के तहत अमरावतीपुर में हाईस्कूल भवन तथा नगर पालिका बलरामपुर में 23 व्यावसायिक दुकानों का लोकार्पण किया गया। वहीं, राजपुर में 1 करोड़ 21 लाख रुपये की लागत से उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भवन और 4 करोड़ 75 लाख रुपये की लागत से चार किलोमीटर सड़क निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया गया।
बलरामपुर नगर में 4 करोड़ 2 लाख रुपये की लागत से सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट एवं मुक्तिधाम का निर्माण कराया जाएगा। इन परियोजनाओं से नगर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने और नागरिक सुविधाओं के विस्तार में मदद मिलेगी।
कुल मिलाकर, जिले में एक साथ 191 विकास कार्यों की सौगात मिलने से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार को नई गति मिलने की उम्मीद है। पेयजल, सड़क, पुल, कृषि विपणन और शिक्षा से जुड़े ये कार्य जिले के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।