महान नदी तट और छठ घाट में चला स्वच्छता अभियान, जल स्रोतों को प्लास्टिक मुक्त रखने का लिया सामूहिक संकल्प।
शंकरगढ़/बलरामपुर।
‘जल-जन सेवा संकल्प अभियान’ के तहत शंकरगढ़ में महान नदी तट एवं छठ घाट परिसर में विशेष स्वच्छता और प्लास्टिक मुक्त अभियान चलाया गया। कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी एवं जिला पंचायत सीईओ डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में आयोजित अभियान में अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने श्रमदान कर नदी तट एवं घाट परिसर की साफ-सफाई की।

अभियान के दौरान नदी किनारे और घाट परिसर में बिखरे प्लास्टिक, पॉलीथिन सहित अन्य कचरे को एकत्र कर परिसर को स्वच्छ बनाया गया। साथ ही आमजनों को नदी एवं अन्य जल स्रोतों में कचरा नहीं डालने तथा प्लास्टिक के उपयोग को कम करने के लिए जागरूक किया गया।
अभियान के समापन पर उपस्थित लोगों ने जल स्रोतों को स्वच्छ एवं सुरक्षित रखने, प्लास्टिक मुक्त वातावरण बनाने तथा जल संरक्षण एवं संवर्धन के लिए सामूहिक संकल्प लिया। अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने कहा कि नदियां और जल स्रोत जीवन का आधार हैं। इन्हें स्वच्छ और सुरक्षित रखना केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर कार्यपालन अभियंता जल संसाधन श्री संजय कुमार मिंज, जनपद पंचायत सीईओ श्री वेदप्रकाश पाण्डेय, शंकरगढ़ सरपंच श्रीमती अनीता पन्ना सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।