रामानुजगंज एनीकट में डूबने से युवक की जान बची, स्थानीय युवक की बहादुरी और डायल-112 की त्वरित कार्रवाई से टला बड़ा हादसा।
बलरामपुर/रामानुजगंज….
नगर स्थित एनीकट में रविवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया। झारखंड के भंडारिया निवासी एक युवक नहाने के दौरान गहरे पानी में डूबने लगा, लेकिन स्थानीय युवक की बहादुरी और डायल-112 की त्वरित कार्रवाई से उसकी जान बचा ली गई।
जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब 8 बजे भंडरिया (झारखंड) निवासी मनोहर एनीकट के पास पहुंचा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वह पहले कुछ देर तक व्यायाम करता रहा, इसके बाद नहाने के लिए एनीकट में उतर गया। पानी का बहाव और गहराई अधिक होने के कारण वह संतुलन खो बैठा और डूबने लगा। युवक को डूबता देख मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों ने तत्काल डायल-112 को सूचना दी। बताया गया कि सूचना मिलने के करीब पांच मिनट के भीतर डायल-112 की टीम घटनास्थल पर पहुंच गई। इस बीच स्थानीय युवक मोहन दादा ने साहस का परिचय देते हुए बिना देर किए पानी में छलांग लगाई और डूब रहे युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

युवक को बाहर निकालने के बाद उसकी हालत सामान्य नहीं थी। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे एनीकट के किनारे लिटाकर प्राथमिक सहायता दी, जिससे उसकी स्थिति में सुधार हुआ। बाद में डायल-112 की टीम ने भी आवश्यक सहायता प्रदान की।
घटना के बाद एनीकट पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए। स्थानीय नागरिकों ने मोहन दादा की बहादुरी और डायल-112 की त्वरित प्रतिक्रिया की सराहना करते हुए कहा कि समय रहते की गई कार्रवाई से एक युवक की जान बच गई और बड़ा हादसा टल गया।