Skip to main content

BalrampurChhattisgarhLocal

शंकरगढ़ में चोरी के मामले में तीन और आरोपी गिरफ्तार, गोल्ड लोन के जरिए खपाए गए थे चोरी के जेवर।

शंकरगढ़/बलरामपुर…

शंकरगढ़ थाना पुलिस ने वर्ष 2025 के चर्चित चोरी के मामले में फरार चल रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवरों को बैंक में गिरवी रखकर 3.80 लाख रुपये का गोल्ड लोन लिया गया था।

पुलिस के अनुसार, बचवार निवासी अर्पण कुमार उरांव ने 31 दिसंबर 2025 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि दोपहर 2 बजे से शाम 4:30 बजे के बीच अज्ञात चोरों ने उनके घर का ताला तोड़कर अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवर, तीन हजार रुपये नकद और दो सीसीटीवी कैमरे चोरी कर लिए। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब चार लाख रुपये बताई गई थी।

मामले की विवेचना के दौरान थाना गांधीनगर (जिला सरगुजा) में गिरफ्तार आरोपी आनंद कुमार पन्ना से पूछताछ में खुलासा हुआ कि उसने अपने साथी आकाश गाईन के साथ मिलकर शंकरगढ़ में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। इसके आधार पर पुलिस ने फरार आरोपी आकाश गाईन को अंबिकापुर से हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पूछताछ में आकाश गाईन ने बताया कि चोरी के जेवर उसकी मां नीलिमा गाईन के माध्यम से अंबिकापुर स्थित मणप्पुरम गोल्ड लोन शाखा में गिरवी रखे गए थे, जहां से 3.80 लाख रुपये का गोल्ड लोन लिया गया। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी मंजुषा पन्ना के खाते में 20 हजार रुपये भी भेजे गए थे।

पुलिस ने पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आकाश गाईन (23), नीलिमा गाईन (38) और मंजुषा पन्ना (31) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में उप निरीक्षक रविंद्र प्रताप सिंह, सहायक उप निरीक्षक धोबसाय पैकरा, सहायक उप निरीक्षक रफैल तिर्की, आरक्षक बबलू बेक, संदीप एम.आर. एवं सरोज केरकेट्टा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *