वाड्रफनगर में ज्वेलर्स की दुकान में बड़ी चोरी, लाखों के चांदी के जेवरात समेत अन्य सामान पार।
वाड्रफनगर/ बलरामपुर….
नगर के मेन रोड स्थित अरविंद ज्वेलर्स में बीती रात अज्ञात चोरों ने शटर का ताला तोड़कर लाखों रुपये कीमत के चांदी के जेवरात समेत अन्य सामानों पर हाथ साफ कर दिया। नगर के बीचों-बीच और मुख्य मार्ग पर स्थित दुकान में हुई इस बड़ी चोरी की वारदात से व्यापारियों में हड़कंप मच गया है।
बताया जा रहा है कि चोरों ने दुकान का शटर तोड़कर अंदर प्रवेश किया और चांदी के जेवरात समेत अन्य सामान चोरी कर लिए। वारदात के बाद चोर दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी अपने साथ ले गए, जिससे पुलिस के सामने चोरों की पहचान करना चुनौती बन गया है।
मुख्य मार्ग पर स्थित प्रतिष्ठित ज्वेलर्स में हुई चोरी ने रात्रि गश्त व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दुकान का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि संदिग्धों की पहचान कर चोरी की वारदात का खुलासा किया जा सके।
फिलहाल चोरी हुए सामान और जेवरात की कीमत का आकलन किया जा रहा है। पुलिस द्वारा मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ जांच आगे बढ़ाई जा रही है।