नेशनल पब्लिक स्कूल रजखेता में स्वास्थ्य शिविर, 130 बच्चों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण।
वाड्रफनगर/ बलरामपुर……
नेशनल पब्लिक स्कूल रजखेता, वाड्रफनगर में विद्यार्थियों के स्वास्थ्य की जांच एवं बेहतर स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता के उद्देश्य से स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. एलएस लोधी ने विद्यालय के बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया।
स्वास्थ्य शिविर के दौरान विद्यालय के कुल 130 बच्चों की स्वास्थ्य जांच की गई। चिकित्सकीय परीक्षण के दौरान कुछ बच्चों में सामान्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं पाई गईं। इनमें मुख्य रूप से पेट दर्द, सर्दी-जुकाम तथा दांतों में कीड़े जैसी सामान्य बीमारियों के लक्षण पाए गए। जांच के दौरान किसी भी बच्चे में गंभीर अथवा चिंताजनक बीमारी के लक्षण नहीं मिले।

चिकित्सक डॉ. एलएस लोधी ने बच्चों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जांच कर आवश्यक परामर्श दिया। सामान्य बीमारियों से पीड़ित बच्चों को चिकित्सकीय सलाह के साथ आवश्यक दवाइयों का वितरण भी किया गया। साथ ही बच्चों को व्यक्तिगत स्वच्छता, नियमित स्वास्थ्य जांच, संतुलित खान-पान तथा साफ-सफाई के प्रति जागरूक किया गया।
विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर समय-समय पर इस तरह के स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाने से विद्यार्थियों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ती है और सामान्य बीमारियों की पहचान समय रहते की जा सकती है।
शिविर के सफल आयोजन में चिकित्सा अधिकारी एवं विद्यालय प्रबंधन का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। स्वास्थ्य जांच के बाद शिविर का सफलतापूर्वक समापन किया गया। विद्यालय प्रबंधन ने चिकित्सक एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी विद्यार्थियों के स्वास्थ्य हित में इस प्रकार के शिविर आयोजित करने की बात कही।