वाड्रफनगर में 18 व 20 जुलाई को विशेष आयुष्मान कार्ड शिविर, सभी 15 वार्डों के हितग्राहियों के लिए बनाया जाएगा कार्ड।
बलरामपुर/वाड्रफनगर
नगर पंचायत वाड्रफनगर के सभी 15 वार्डों में निवासरत पात्र हितग्राहियों के लिए 18 एवं 20 जुलाई 2026 को विशेष आयुष्मान कार्ड निर्माण शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर का उद्देश्य अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को आयुष्मान भारत योजना का लाभ दिलाना है, ताकि जरूरत पड़ने पर उन्हें निःशुल्क उपचार की सुविधा मिल सके।
खंड चिकित्सा अधिकारी (बीएमओ), वाड्रफनगर द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार शिविर का आयोजन प्रतिदिन सुबह 10:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक किया जाएगा। प्रत्येक वार्ड के लिए अलग-अलग शिविर स्थल एवं स्वास्थ्य टीम निर्धारित की गई है।
स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे शिविर में आते समय आधार कार्ड एवं राशन कार्ड अनिवार्य रूप से साथ लाएं, ताकि आयुष्मान कार्ड बनाने की प्रक्रिया सरलता और शीघ्रता से पूरी की जा सके।
शिविर का कार्यक्रम:.
18 जुलाई 2026,वार्ड 14 – आंगनबाड़ी केंद्र, मरघटीपारा (पुराना नगर पंचायत),वार्ड 7 एवं 8 – सिविल अस्पताल/होम्योपैथी अस्पताल।
20 जुलाई 2026 : वार्ड 1, 2, 3 एवं 11 – पुराना अस्पताल भवन,वार्ड 4 – आंगनबाड़ी केंद्र, राजवाड़ी गली,वार्ड 5, 6, 12, 14 एवं 15 – गर्वटीपारा/बटेवारीपारा आंगनबाड़ी केंद्र
वार्ड 7, 8 एवं 13 – सिविल अस्पताल/होम्योपैथी अस्पताल
वार्ड 9 एवं 10 – हनुमान मंदिर परिसर/बनगवापारा आंगनबाड़ी
प्रत्येक शिविर स्थल पर स्वास्थ्य विभाग की टीम तैनात रहेगी, जो पात्र हितग्राहियों का आयुष्मान कार्ड बनाकर उन्हें योजना का लाभ दिलाएगी।
खंड चिकित्सा अधिकारी (बीएमओ) डॉ. हेमन्त दीक्षित ने नगर के जनप्रतिनिधियों, पार्षदों एवं सामाजिक संगठनों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि वे अपने-अपने वार्डों के पात्र नागरिकों को शिविर की जानकारी दें और शत-प्रतिशत आयुष्मान कार्ड निर्माण सुनिश्चित कराने में सहयोग करें।
स्वास्थ्य विभाग का मानना है कि इस विशेष अभियान से ऐसे पात्र परिवारों को भी योजना से जोड़ा जा सकेगा, जिनके अभी तक आयुष्मान कार्ड नहीं बन पाए हैं। इससे जरूरतमंद लोगों को सूचीबद्ध अस्पतालों में उपचार के दौरान आर्थिक सहायता और बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सकेगा।