Skip to main content

BalrampurChhattisgarhLocalRamanujganj

बेटी ने दी पिता को मुखाग्नि, भावुक हुआ रामानुजगंज, ब्रेन हेमरेज से उपचार के दौरान हुआ निधन, सेवाभावी व्यक्ति को नगरवासियों ने नम आंखों से दी अंतिम विदाई।

रामानुजगंज/ बलरामपुर…

नगर के वार्ड क्रमांक 1 निवासी विधान राय का ब्रेन हेमरेज के उपचार के दौरान रायपुर में निधन हो गया। रविवार को उनका पार्थिव शरीर रामानुजगंज लाया गया। सोमवार को नगर के मुख्य मुक्तिधाम में गमगीन माहौल के बीच उनका अंतिम संस्कार किया गया। उनके निधन की खबर से परिजनों सहित नगरवासियों में शोक की लहर दौड़ गई।

अंतिम संस्कार में नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल, पार्षद सुमित गुप्ता सहित बड़ी संख्या में नगरवासी शामिल हुए। सभी ने नम आंखों से विधान राय को अंतिम विदाई दी। अंतिम यात्रा के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष, पार्षद सहित अन्य लोगों ने पार्थिव शरीर को कंधा देकर श्रद्धांजलि अर्पित की।

*छोटी बेटी निशा ने दी मुखाग्नि*

विधान राय की दो बेटियां हैं। इनमें से एक बेटी का विवाह हो चुका है, जबकि छोटी बेटी निशा राय ने अपने पिता को मुखाग्नि देकर अंतिम संस्कार की रस्म पूरी की। जैसे ही निशा राय ने पिता की चिता को मुखाग्नि दी, वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं। पिता को अंतिम विदाई देती बेटी को देखकर पूरा माहौल बेहद भावुक हो उठा। इस दौरान परिजनों और नगरवासियों ने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।

*भाजपा के समर्पित कार्यकर्ता थे विधान राय*

नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल ने कहा कि विधान राय भारतीय जनता पार्टी के समर्पित कार्यकर्ता थे। उन्होंने लंबे समय तक रामानुजगंज क्षेत्र में चिकित्सा सेवा प्रदान की और लोगों की सेवा में योगदान दिया। उनका निधन सभी के लिए बेहद पीड़ादायक है। उनके जाने से परिवार के साथ-साथ पूरे नगर ने एक सेवाभावी व्यक्ति को खो दिया है।

अंतिम संस्कार में शामिल लोगों ने दिवंगत विधान राय की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा शोक संतप्त परिवार को इस कठिन समय में धैर्य और संबल प्रदान करने की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *