सीएमएचओ ने शंकरगढ़ व मनोहरपुर स्वास्थ्य केंद्रों का किया औचक निरीक्षण।
मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने दिए आवश्यक दिशा-निर्देश।
बलरामपुर…..
कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देश पर जिले की स्वास्थ्य संस्थाओं में मरीजों को गुणवत्तापूर्ण एवं सुलभ चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विजय कुमार सिंह ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शंकरगढ़ एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मनोहरपुर का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान सीएमएचओ ने ओपीडी, आईपीडी, भर्ती वार्ड, प्रयोगशाला एवं फार्मेसी इकाई का जायजा लिया। उन्होंने अस्पताल में साफ-सफाई, दवाओं के भंडारण तथा मरीजों के लिए उपलब्ध अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। वार्ड में भर्ती मरीजों से सीधे बातचीत कर उन्हें मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं एवं भोजन की गुणवत्ता की जानकारी भी ली।
डॉ. सिंह ने फार्मेसी में आवश्यक दवाओं का पर्याप्त स्टॉक रखने तथा दवाओं का व्यवस्थित संधारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि मरीजों को दवाएं अस्पताल से ही उपलब्ध हो सकें और उन्हें बाहर से दवा खरीदने की आवश्यकता न पड़े। उन्होंने अस्पताल परिसर में आवश्यक पैथोलॉजी जांचों का सुचारू संचालन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
सीएमएचओ ने एंबुलेंस एवं आपातकालीन सेवाओं को 24 घंटे तत्पर रखने, बायो-मेडिकल वेस्ट का उचित प्रबंधन करने तथा अस्पताल परिसर में स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही कर्मचारियों की समयबद्ध उपस्थिति सुनिश्चित करने और प्रत्येक मरीज को समय पर बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य अमले को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।